प्रवासी परिंदों की चहचहाहट से रेणुका घाटी गुलजार

ददाहू (सिरमौर)। मौसम में आए परिवर्तन के साथ ही रेणुका घाटी प्रवासी परिंदों की चहचहाहट से गुलजार हो रही है। इन दिनों 116 के करीब प्रवासी परिंदे रेणुका पहुंचकर अपना आशियाना तलाश रहे हैं। हालांकि इस वर्ष प्रवासी परिंदों का आगमन तीन सप्ताह पूर्व ही शुरू हो चुका है। पहले यह पक्षी दिसंबर माह के पहले सप्ताह के दौरान ही रेणुका में दस्तक दिया करते थे। लेकिन इस वर्ष यह मेहमान पक्षी नवंबर माह के दूसरे व तीसरे सप्ताह के दौरान रेणुका पहुंचकर चहलकदमी कर रहे हैं।
विभागीय सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार नवंबर माह के दौरान अभी तक 116 परिंदों की संख्या को दर्ज किया गया है। इनमें से इंडियन मोरहन-80, कूड्स-12, मोलार्ड-6, कामन पोचर्ड-4, ईग्रिट-10 व किंगफिशर 4 पक्षी शामिल है। अभी तक किसी भी नई प्रजाति ने रेणुका ने दस्तक नहीं दी है। लेकिन जैसे-जैसे सर्दी बढ़ेगी वैसे ही इन पक्षिओं की संख्या में भी इजाफा होने की पूरी संभावना है। बीते वर्ष रेणुका वैटलेंड में 487 के करीब प्रवासी परिंदों ने रेणुका में अपना आशियाना बनाया था।
वन्य प्राणी विभाग के आरओ राम कुमार वर्मा ने अभी तक 116 प्रवासी परिंदों के रेणुका आगमन की पुष्टि करते हुए बताया कि आने वाले दिनों में यह संख्या और अधिक बढ़ जाएगी। प्रवासी पक्षियों की सुरक्षा व्यवस्था के पुख्ता प्रबंध किए गए हैं। ताकि मेहमान पक्षियों को बेहतर माहौल व वातावरण मिल सके।

Related posts