
कांगड़ा। दौलतपुर में आयोजित जनसभा को संबोधित करते हुए परिवहन मंत्री जीएस बाली ने कहा कि प्रदेश में जवाहर लाल नेहरू अर्बन डेवलपमेंट योजना के तहत 800 नई बसें आएंगी। नगरोटा बगवां और रामपुर में इंजीनियरिंग कॉलेज खोले जाएंगे। उन्होंने छात्रों से आह्वान किया कि वे आईटीआई और इंजीनियरिंग जैसी तकनीकी शिक्षा को अपनाएं। पूर्व भाजपा सरकार परिवहन में 580 करोड़ और खाद्य में 122 करोड़ की देनदारियां छोड़कर गई है। सरकार बढ़ती महंगाई के बावजूद सूबे के लोगों को सस्ता राशन मुहैया करवा रही है। नेशनल फूड सिक्योरिटी एक्ट के तहत जिन्हें आटा, चावल या अन्य राशन नहीं मिलता है, वे इसकी शिकायत सीधे उनसे कर सकते हैं। बीपीएल परिवार के लिए 35 किलो राशन दिया जाएगा। दौलतपुर आईटीआई भवन का निर्माण होते ही युवा तकनीकी शिक्षा लेकर अपने रोजगार के साधन सृजित कर सकेंगे।
