
करसोग (मंडी)। मंडी संसदीय क्षेत्र की सांसद प्रतिभा सिंह ने रविवार को करसोग विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत 53 लाख 19 हजार रुपये की लागत से निर्मित लटेरी-खड़कन सड़क का उद्घाटन कर इस मार्ग पर पथ परिवहन निगम की बस को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। उन्होंने 14 लाख की लागत से निर्मित आयुर्वेदिक औषधालय कुठेड़ के भवन का शिलान्यास भी किया।
खड़कन तथा कुठेड़ में जनसभाओं में प्रतिभा सिंह ने कहा कि करसोग विधानसभा क्षेत्र में चालू वित्त वर्ष के दौरान ग्रामीण विकास के कार्यों पर 2 करोड़ 50 लाख रुपये की राशि खर्च की जा रही है। उन्होंने कहा कि वर्तमान में करसोग में विभिन्न विकास योजनाएं क्रियान्वित की जा रही हैं। एक करोड़ 35 लाख की लागत से कोटलू-नांज सड़क तथा एक करोड़ 88 लाख की लागत से बनने वाले नांज पुल का कार्य प्रगति पर है। 82 लाख की लागत से बनने वाली नेहरा-खड़ारनू तथा 2 करोड़ की लागत से बनने वाली करसोग-बगैला सड़क के लिए निविदाएं आमंत्रित कर दी गई हैं।
करसोग में 35 लाख की लागत से बनने वाले डाक्टरों के रिहायशी भवन का निर्माण कार्य भी प्रगति पर है। उन्होंने निकट भविष्य में सनारली में ग्रामीण बैंक तथा कुठेड़ में सहकारी बैंक की शाखा खोलने का आश्वासन दिया।
उन्होंने सांसद निधि से खड़कन सड़क के लिए एक लाख, राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला कुठेड़ में खेल मैदान के लिए दो लाख रुपये देने की घोषणा की। इस अवसर पर मुख्य संसदीय सचिव व स्थानीय विधायक मनसा राम ने कहा कि करसोग क्षेत्र के लोगों को सड़क, स्वास्थ्य व शिक्षा जैसी मूलभूत सुविधाएं घर के समीप ही उपलब्ध करवाने के प्रयास किए जा रहे हैं। इस मौके पर करसोग ब्लॉक कांग्रेस के अध्यक्ष पृथ्वी सिंह नेगी, बंथल पंचायत के प्रधान गीता राम, कुठेड़ पंचायत की प्रधान सुनीता देवी, जिला परिषद सदस्य चमूल देवी, युवा कांग्रेस नेता मेघ राज, युवा कांग्रेस के अध्यक्ष रूप लाल, एसडीएम करसोग विवेक चौहान, खड़कन पंचायत के पूर्व प्रधान हेम सिंह आदि मौजूद थे।
