
पतलीकूहल (कुल्लू)। हामटा को रोहतांग का विकल्प बनाने की राह में एक समस्या आड़े आ गई है। दो रोज पहले ही हामटा को टूरिस्ट स्पॉट बनाने के मकसद से एसडीएम मनाली की अगुवाई में एक टीम ने हामटा का मुआयना किया था। इस टीम में होटलियर एसोसिएशन के अध्यक्ष के अलावा एडी हाइड्रो प्रोजेक्ट प्रबंधन के प्रतिनिधि भी थे। प्रोजेक्ट प्रबंधन ने इस मुहिम को लेकर कुछ आपत्ति दर्ज करवाई है। बताया जा रहा है कि हामटा से स्पीति को जाने वाला पुराना मार्ग है। इस मार्ग के आसपास ही एडी ने पावर प्रोजेक्ट बनाया है। यहां तक पहुंचने के लिए प्रोजेक्ट ने सड़क का निर्माण भी किया है। अब प्रोजेक्ट को लगता है कि यदि हामटा टूरिस्ट स्पॉट बनाता है तो यहां देश-विदेश के सैलानियों की आवाजाही बढ़ेगी। इससे उनके प्रोजेक्ट की सुरक्षा को खतरा हो सकता है। इतना ही नहीं, प्रोजेक्ट ने सड़क के रखरखाव को लेकर भी सवाल उठाए हैं। होटल एसोसिएशन अध्यक्ष अनूप राम ठाकुर ने कहा कि स्पॉट विजिट के दौरान ही उन्होंने प्रोजेक्ट प्रबंधन को कहा था कि सड़क का रखरखाव 50-50 प्रतिशत किया जाएगा। एसडीएम मनाली विनय धीमान ने कहा कि प्रोजक्ट के हामटा के पास दो बैरेज हैं। हामटा एक लैंड लौक्ड एरिया है। यहां सीमित संख्या में ही पर्यटकों को ले जाया जा सकेगा। उन्होंने कहा कि प्रोजेक्ट की सुरक्षा समेत अन्य समस्याओं के निदान को एक कमेटी बनाई गई है। उन्होंने बताया कि आने वाले दिनों में सभी समस्याओं का हल निकाल लिया जाएगा तथा सीएम वीरभद्र के मनाली दौरे के दौरान हामटा का टूरिस्ट स्पॉट के तौर पर उद्घाटन कर दिया जाएगा।
