किरायेदार ने बंदूक के बट से पीटा मालिक

सरकाघाट (मंडी)। दुकान का किराया बढ़ाने अथवा दुकान खाली करने की बात पर किरायेदार ने दुकान मालिक की बंदूक के बट्ट से पिटाई कर डाली। मामला उपमंडल सरकाघाट मुख्यालय का है। दुकान मालिक अस्पताल में दाखिल है। इसकी हालत स्थिर बनी हुई है। शिकायत पर पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है। दुकान मालिक ने भी नियमों को ताक पर रखकर दुकान को सबलेट किया था।
पुलिस के अनुसार खलारडू निवासी हेमराज पुत्र भागीरथ को नपं सरकाघाट द्वारा कमल मार्केट में पांच हजार रुपये में दुकान अलाट हुई थी। लेकिन उसने निर्धारित किराये से अधिक एवं 15 हजार रुपये एडवांस लेकर दुकान ब्रह्मदत्त पुत्र बसंत राम निवासी जुकैण को सबलेट कर दी। गत रोज दुकान मालिक हेमराज अपने किरायेदार के पास दुकान का किराया बढ़ाने अथवा दुकान खाली करवाने के मकसद से गया था। इस बीच दोनाें में बात बिगड़ गई। इस पर ब्रह्मदत्त ने अपनी बंदूक के बट्ट से दुकान मालिक हेमराज की पिटाई कर दी। हेमराज को नगर पंचायत से दुकान अलॉट हुई थी। नियमों के मुताबिक दुकान को सबलैट नहीं किया जा सकता था। लेकिन अधिक किराये के लिए उसने दुकान को ब्रह्मदत्त को सबलेट किया था। पुलिस मामले की गहनता से छानबीन कर रही है। डीएसपी संजीव भाटिया ने बताया कि मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस छानबीन कर रही है।

Related posts