इंदिरा मार्केट में बनेगी डेढ़ सौ गाड़ियों की पार्किंग

रामपुर बुशहर। इंदिरा मार्केट में प्रस्तावित पार्किंग में अब करीब डेढ़ सौ गाड़ियों को पार्क करने की जगह बनाई जाएगी। पहले इसमें सौ गाड़ियों को पार्क करने का प्रावधान रखा गया था, लेकिन लोनिवि की ओर से ड्राइंग में बदलाव करने से इसकी क्षमता बढ़ी है। इसके अलावा पार्किंग भवन में करीब 36 दुकानों का भी प्रावधान रखा गया है।
इंदिरा मार्केट में पार्किंग का निर्माण नगर परिषद रामपुर की ओर से करवाया जा रहा है। पहले नगर परिषद ने इसका निर्माण कार्य हिमुडा को सौंपा था, लेकिन समय पर काम नहीं करने पर नगर परिषद ने हिमुडा से पैसे वापस ले लिए हैं। अब पार्किंग का कार्य लोक निर्माण विभाग से करवाया जा रहा है। लोक निर्माण विभाग ने हिमुडा की ड्राइंग पर काम न करते हुए अपनी ड्राइंग अलग से तैयार करवाई है। लोनिवि की ड्राइंग के मुताबिक यहां लगभग 50 गाड़ियों को पार्क करने की क्षमता और बढ़ेगी, जबकि हिमुडा की ड्राइंग के मुताबिक पार्किंग सौ गाड़ियों के लिए बननी थी। पार्किंग भवन की पांच मंजिलों में से तीन में वाहनों को पार्क करने की सुविधा होगी, जबकि दो मंजिल में दुकानें होंगी।
इस संबंध में लोनिवि के अधिशासी अभियंता केके कौशल ने बताया कि पार्किंग की नई ड्राइंग मंजूरी के लिए भेजी गई है। ड्राइंग मंजूर होने के बाद पार्किंग का एस्टीमेट तैयार किया जाएगा। वहीं, नगर परिषद के कनिष्ठ अभियंता बीएस ठाकुर ने बताया कि लोनिवि को साठ लाख रुपये की राशि दे दी गई है। यह राशि खर्च होने के बाद विभाग को अगली किस्त दी जाएगी।
बाक्स
शिफ्ट होगी मीट मार्केट
पार्किंग की ड्राइंग में आए बदलाव के कारण अब मीट मार्केट के लिए बनी दुकानों समेत इसके ऊपर बनी दुकानें भी टूटेंगी। इस कारण मीट मार्केट को दूसरी जगह शिफ्ट करना पड़ेगा। पहले पार्किंग के लिए मीट मार्केट से आगे का एरिया की लिया गया था। नगर परिषद के कनिष्ठ अभियंता बीएस ठाकुर ने बताया कि फिलहाल वर्तमान में यहां कारोबार कर रहे कारोबारियों को कहीं अन्य जगह ढूंढनी होगी, लेकिन बाद में भवन बनने पर उनको इसमें दुकानें दी जाएंगी

Related posts