चंडीगढ़ सेब बेचने गया बागवान लापता

जुब्बल (शिमला)। जुब्बल तहसील के नकटाड़ा गांव का बागवान रहस्यमय परिस्थिति में लापता हो गया है। जानकारी के अनुसार बागवान 12 नवंबर को सेब बेचने के बाद चंडीगढ़ से वापस घर आ रहा था, लेकिन अभी तक घर नहीं पहुंचा हैै। बागवान के लापता होने का मामला जुब्बल पुलिस थाना में दर्ज हुआ है। पुलिस बागवान की तलाश कर रही है।
जानकारी के अनुसार नकटाड़ा निवासी 57 वर्षीय प्रमोद सिंह 8 नवंबर को जुब्बल से चंडीगढ़ सेब बेचने गया था। सेब बेचने के बाद 12 नवंबर को प्रमोद सिंह चंडीगढ़ से शिमला आने के लिए बस में बैठा था, लेकिन वह रहस्यमय परिस्थितियों में गायब हो गया है। कुछ दिन तक जब प्रमोद घर नहीं पहुंचा, तो परिजनों ने उसकी तलाश सभी रिश्तेदारों के यहां की। शिमला में भी प्रमोद की तलाश की गई। अंत में प्रमोद के पुत्र संजीव कुमार ने जुब्बल थाना में गुमशुदगी का मामला दर्ज करवाया है। पुलिस में दर्ज मामले के अनुसार प्रमोद के पास एक थैला था। जिसमें एक छोटा कंबल, यूको बैंक की एक पासबुक और एमओ जुब्बल के नाम से सेब का बिक्री पर्चा है। प्रमोद ने भूरे रंग की पेंट, चैकदार लाल और सफेद कमीज, सफेद रंग की बास्केट पहनी हुई है। पुलिस ने गुमशुदगी का मामला दर्ज कर प्रमोद की तलाश शुरू कर दी है। डीएसपी रोहडू राजकुमार चंदेल ने बताया कि पुलिस ने मामला दर्ज कर प्रमोद की तलाश शुरू कर दी है।

Related posts