
रुद्रपुर। जल संस्थान के अधिकारियों ने पानी के अवैध कनेक्शन को लेकर ग्राम शिमला पिस्तौर व नारायणपुर में छापामारी की। इस दौरान 11 लोगों को नोटिस जारी कर कनेक्शन नियमित कराने के निर्देश दिए गए। जबकि तीन कनेक्शन पेनल्टी वसूल कर नियमित किए गए। जल संस्थान की कार्रवाई से ग्रामीणों में हड़कंप मच गया।
गुरुवार को जल संस्थान के अधिशासी अभियंता एके सक्सेना के नेतृत्व में गठित टीम ने ग्राम शिमला पिस्तौर में छापा मारा। इस दौरान आठ लोग अवैध कनेक्शन से पानी चोरी करते पाए गए। बाद में ग्राम नारायणपुर में की गई छापेमार कार्रवाई में छह लोग पानी चोरी करते पाए गए। विभाग ने आरोपियों को नोटिस जारी कर कनेक्शन नियमित कराने के निर्देश दिए। तीन ग्रामीणों के कनेक्शन पेनल्टी वसूल कर नियमित किए गए। अधिशासी अभियंता सक्सेना ने बताया कि पानी की चोरी बर्दाश्त नहीं की जाएगी। शीघ्र ही अन्य गांवों में भी छापेमार कार्रवाई की जाएगी। कनेक्शन नियमित न कराने वालों के खिलाफ भी विभाग कानूनी कार्रवाई अमल में लाएगा। टीम में सहायक अभियंता मनोज कुमार टम्टा, एचसी पाल, अवर अभियंता विनोद कुमार श्रीवास्तव, वरिष्ठ सहायक ग्रामीण मनी लाल, सुरेश कुमार, परशुराम यादव, शकल राय, सदरे आलम, ओमप्रकाश आदि मौजूद थे।
