कुमार विश्वास के खिलाफ मामला दर्ज

नई दिल्ली में आम आदमी पार्टी की मुश्किलें बढ़ती ही जा रही हैं। बृहस्पतिवार को पूर्वी दिल्ली के फर्श बाजार थाने में पार्टी के कुमार विश्वास पर महर्षि वाल्मीकि के खिलाफ आपत्तिजनक टिप्पणी करने का मामला दर्ज कर लिया गया।

एक निजी टीवी चैनल को दिए इंटरव्यू में कुमार ने टिप्पणी की थी। लिखित में शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने आईपीसी की धारा 295ए (धार्मिक भावनाओं को ठेस पहुंचाना) के तहत मामला दर्ज किया है।

वहीं, नाराज लोगों ने शाहदरा के भोलानाथ नगर में अरविंद केजरीवाल और कुमार विश्वास का पुतला भी फूंका। एमसीडी स्वच्छता कर्मचारी यूनियन के अध्यक्ष संजय गहलोत ने बताया कि 16 नवंबर को निजी चैनल में बहस के दौरान विश्वास ने महर्षि वाल्मीकि के खिलाफ बेहद आपत्तिजनक टिप्पणी की थी।

इसके बाद पूरा वाल्मीकि समाज नाराज हो गया था। लोगों ने विश्वास से संपर्क करके माफी मांगने का दबाव भी बनाया, लेकिन ऐसा न होने पर बुधवार को मामले की फर्श बाजार थाने में शिकायत की गई।

वहीं, बृहस्पतिवार को आप पार्टी से नाराज एमसीडी स्वच्छता कर्मचारी यूनियन के सदस्यों, वाल्मीकि सेना और अन्य वाल्मीकि संगठनों के लोगों ने शाहदरा स्थित भोलानाथ नगर में केजरीवाल और विश्वास का पुतला भी दहन किया। समाज ने विश्वास को पार्टी से निकालने और माफी मांगने की मांग की।

Related posts