
पांगणा (मंडी)। करसोग क्षेत्र में रसोई गैस पर उपभोक्ताओं को सब्सिडी का लाभ न मिलने की शिकायत पर वीरवार शाम को खाद्य एवं आपूर्ति निगम के अधिकारियों ने करसोग गैस एजेंसी पर छापा मारा। अधिकारियों ने गैस एजेंसी के स्टोर में सिलेंडरों के स्टॉक और कार्यालय में बुकिंग संबंधित रिकॉर्ड की जांच की। देर शाम तक विभागीय कार्यवाही जारी है।
करसोग क्षेत्र के उपभोक्ताओं ने घरेलू गैस सिलेंडरों पर सब्सिडी न मिलने की शिकायत ई-समाधान के माध्यम से सरकार को भेजी थी। शिकायत का संज्ञान लेते हुए सरकार ने विभाग को त्वरित कार्यवाही करने के आदेश दिए। इस पर खाद्य एवं आपूर्ति निगम के सहायक क्षेत्रीय प्रबंधक रमा कांत चौहान की अगुवाई में विभागीय टीम ने वीरवार शाम को करसोग गैस एजेंसी पर छापा मारा। टीम ने एजेंसी का स्टोर, कार्यालय में दस्तावेजों की जांच पड़ताल की है। देर शाम तक कार्यवाही जारी है। सहायक क्षेत्रीय प्रबंधक रमा कांत चौहान ने कार्यवाही की पुष्टि करते हुए बताया कि किसी उपभोक्ताओं ने ई-समाधान पर सब्सिडी न मिलने की शिकायत भेजी थी। इस पर एजेंसी में जांच पड़ताल चल रही है।
