
करसोग (मंडी)। क्षेत्र की सड़कों की हालत दयनीय बनी हुई है। बजट की कमी और रिपेयर के अभाव में सड़कों की हालत सुधरने का नाम नहीं ले रही। हालांकि रिपेयर कार्य चले हुए हैं लेकिन दो-तीन माह बाद हालात फिर पहले जैसे हो जाते हैं। लोगों का कहना है कि न तो सड़कों की रिपेयर सही ढंग से करवाई जाती है और न ही सड़कों की उचित देखरेख की जाती है। सड़कों की बदहाली के बीच क्षेत्र के सैकड़ों लोग और स्कूली बच्चे दिक्कतों से जूझ रहे हैं।
करसोग-लुहरी-रामपुर सड़क की हालत इतनी बिगड़ चुकी है कि वाहन चालक और यात्री जान हथेली पर रखकर सफर करने को मजबूर हैं। सड़कों पर फुट-फुट तक पड़े गहरे गड्ढों और पैरापिट न होने तथा तंग मोड़ के चलते हर समय दुर्घटनाओं का अंदेशा बना रहता है। यहां पहले भी कई दुर्घटनाएं हो चुकी हैं। लेकिन न तो सरकार और न ही विभाग ने सबक लिया।
करसोग-लुहरी सड़क पर इतने तंग मोड़ हैं कि वाहनों को पास तक देना मुश्किल हो जाता है। वाहनों में थोड़ी सी खराबी आने पर यात्रियों को घंटों बसों में बैठकर परेशान होना पड़ता है। जिला परिषद सदस्य श्याम सिंह चौहान, अनुसूचित जाति एवं जन जाति विभाग के अध्यक्ष मेहर सिंह खूंखड़िया, सेवानिवृत्त मुख्याध्यापक जेआर वर्मा और रिटायर्ड पुलिस इंस्पेक्टर पूर्ण चंद शर्मा ने कहा कि सड़कों की खस्ता हालत से हर रोज लोगों को परेशान होना पड़ रहा है। सड़कों पर पड़े गड्ढो से वाहनों के कलपुर्जे तक टूट रहे हैं। लोगों का कहना है कि सड़कों के रखरखाव पर करोड़ों रुपये खर्च हुए हैं लेकिन घटिया निर्माण कार्य से हालात नहीं बदले। लोगों ने फिरनू पर दिन-रात हो रहे अवैध खनन को भी इस रूट की बदहाली के लिए जिम्मेवार ठहराया है।
सरकार से मांगा है अतिरिक्त बजट
लोनिवि के अधिशाषी अभियंता ठाकुर दास ने कहा कि सड़कों की दशा में सुधार और पैरापिट लगाने के लिए सरकार से अतिरिक्त बजट की मांग की है। करसोग-लुहरी सड़क पर सुधार कार्य किया जा रहा है। वहीं करसोग पुलिस थाना के प्रभारी राजेश कुमार ने कहा कि उनके पास अवैध खनन की शिकायतें पहुंची हैं। पुलिस औचक छापेमारी कर रही है।
