
डरोह (कांगड़ा)। पालमपुर-सुजानपुर हाईवे पर डरोह के गढ़ लिंक रोड चौक पर वीरवार सुबह दो बसों के परिचालकों के बीच समयसारिणी को लेकर मारपीट हो र्गई। घटना में दोनों को चोटें आई हैं। घटना करीब नौ बजे की है। इससे पालमपुर-सुजानपुर उच्च मार्ग करीब एक घंटा बंद रहा। सुबह-सुबह स्कूली बच्चों व कार्यालयों को जाने वाले यात्रियों को इससे भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। पुलिस ने मौके पर पहुंच कर रास्ता खुलवाया।
प्रत्यक्षदर्शियों व बस में सवार यात्रियों के अनुसार पंजाब रोडवेज की बस गढ़ लिंक रोड पर सवारियां उतार रही थी। पीछे से एक निजी बस आई तथा उसके परिचालक ने पीआरटीसी के चालक के साथ मारपीट शुरू कर दी और एक शीशा भी तोड़ दिया। बस के चालक ने बस को बीच रास्ते में टेढा करके लगा दिया, जिससे रास्ता भी बंद हो गया और दोनों बसें भी आपस में टकरा गईं। इससे हालांकि किसी यात्री को कोई भी नुकसान नहीं हुआ है। निजी बस के परिचालक के साथ कुछ स्थानीय युवकों ने भी पीआरटीसी के परिचालक के साथ मारपीट की। बीच सड़क में ही एक परिचालक का फटा हुआ कैश बैग पड़ा रहा तथा उसमें रखे पैसे भी सड़क पर ही बिखरे पड़े रहे। पुलिस के अनुसार दोनों बसों को भवारना थाने ले जाया गया था। एसएचओ भवारना ब्रह्मदास के मुताबिक घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंच गई थी। बाद में दोनों पक्षों में समझौता होने से विवाद सुलझ गया।
