पांव फिसलने से एक व्यक्ति की मौत

कांगड़ा)। फतेहपुर थाना क्षेत्र के अंतर्गत पंचायत कुडल में शाह नहर के किनारे एक व्यक्ति का शव बरामद होने से सनसनी फैल गई। मृतक की पहचान बबली शर्मा (50) निवासी गांव स्थाना तहसील फतेहपुर के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार मृतक बबली शर्मा बुधवार देर शाम अपने घर से जगीर में सब्जी खरीदने गया था। माना जा रहा है कि रास्ते में उसका पांव फिसल गया और वह शाह नहर के पानी में बह गया। हालांकि, बुधवार देर रात तक बबली शर्मा के वापस घर न लौटने पर उसके परिजनों ने हर तरफ उसकी तलाश की। लेकिन रात को अंधेरे के चलते उसका कोई सुराग नहीं लग पाया। वीरवार सुबह करीब सवा 8 बजे कुडल निवासी रमेश दत्त कालिया व पंचायत के प्रधान निर्मल सिंह ने फतेहपुर पुलिस को शाहनहर के किनारे एक लाश बरामद होने की सूचना दी। एसएचओ फतेहपुर तिलक राज ने बताया कि पुलिस ने सीआरपीसी की धारा 174 के तहत मामला दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है। वहीं, स्थाना पंचायत की प्रधान रेखा देवी व शिवसेना हिंदोस्तान के चेयरमैन बृजमोहन शर्मा, प्रदेशाध्यक्ष हरवंश पठानिया, संगठन मंत्री अरविंद मेहरा इत्यादि ने प्रशासन से मृतक के गरीब परिवार की उचित आर्थिक सहायता मुहैया करवाने की अपील की है।

Related posts