
चंपावत। पाटी ब्लाकके अंतर्गत आने वाले राजकीय हाईस्कूल तिमलागूंठ में उच्चीकरण के तीन वर्ष बाद भी शिक्षकों की तैनाती नहीं हो सकी है। इस कारण जूनियर हाईस्कूल के दो शिक्षकों के सहारे हाईस्कूल की कक्षाओं का संचालन किया जा रहा है। जिसको लेकर अभिभावकों में रोष है। उनका कहना है कि सितंबर 2011 में उच्चीकरण होने के तीन वर्ष बाद भी अभी तक शिक्षकों की नियुक्ति नहीं की जा सकी है। जबकि विद्यालयों में शिक्षकों के सभी पद सृजित हैं।
पीटीए अध्यक्ष मोती सिंह फर्त्याल की अध्यक्षता और स्कूल प्रबंध समिति अध्यक्ष लाल सिंह के संचालन में हुई बैठक में अभिभावकों ने कहा कि शिक्षकों की कमी के कारण छात्रों को दस किलोमीटर दूर देवीधुरा में प्रवेश लेने को मजबूर होना पड़ रहा है। अभिभावक बहादुर सिंह, मोहन चंद्र, पूर्व प्रधान मंजू जोशी का कहना है कि वह इस मामले को कई बार मुख्य जिला शिक्षाधिकारी, डीएम और विधायक के सामने उठा चुके हैं, लेकिन कोई कान देने को तैयार नहीं है। उन्होंने शिक्षकों की तैनाती न होने पर आंदोलन की चेतावनी दी है।
