सही प्रक्रिया से हों छात्र संघ चुनाव: भरमौरी

धर्मशाला। एनएसयूआई के राष्ट्रीय सचिव सुरजीत भरमौरी और राजीव गांधी पंचायती राज संगठन के पूर्व प्रदेश महासचिव राम गोपाल शर्मा ने कहा कि प्रदेश में मुख्यमंत्री वीरभद्र के सत्ता संभालते ही विकास कार्यों को गति मिली है। सुरजीत भरमौरी ने केंद्रीय विश्वविद्यालय में हो रहे छात्र संघ चुनाव पर सवाल उठाया है। कहा कि केंद्रीय विवि चुनाव को लेकर गुमराह कर रहा है। विवि प्रशासन केवल विभाग के ही चुनाव करवा रहा है और कुछ छात्रों को प्रशासन मनोनीत कर रहा है। जिसका एनएसयूआई पूर्ण रूप से विरोध करती है। राष्ट्रीय सचिव होेने के साथ वह एनएसयूआई असम के भी प्रभारी हैं। असम, सिलीचर में केंद्रीय विवि हैं, जिसमें छात्र संघ चुनाव की अलग प्रक्रिया है। विवि में विभागों के चुनाव होने के बाद सात पदों पर फिर से चुनाव करवाए जाते हैं। जिसमें उपाध्यक्ष, महासचिव, सहसचिव, खेल सचिव, मैगजीन प्रभारी, गर्ल्स और ब्वायज कार्नर का चुनाव होता है। उन्होंने हिमाचल प्रदेश केंद्रीय विश्वविद्यालय प्रशासन से मांग की है कि विवि में सही तरीके से चुनाव करवाया जाए। वहीं, रामगोपाल शर्मा ने कहा कि 2014 में कांग्रेस लोकसभा के चुनाव में जीत हासिल कर हैट्रिक लगाएगी और हिमाचल की चारों सीटों पर कांग्रेस का कब्जा होगा। वहीं छत्तीसगढ़ में अधिक वोटिंग होने का पूरा फायदा कांग्रेस को मिलेगा।

Related posts