
उदयपुर (लाहौल-स्पीति)। लाहौल के शिक्षा उपनिदेशक प्रेमनाथ परशीरा ने लाहौल घाटी की सभी उच्च एवं वरिष्ठ माध्यमिक पाठशालाओं को वार्षिक एवं वितरण समारोह को दिसंबर अंत तक मनाए जाने को कहा है। परशीरा ने कहा कि शिक्षा निदेशालय शिमला से आदेशों के मुताबिक साल के इसी सत्र में यह समारोह निपटाने हैं। उन्होंने कहा कि जनवरी और फरवरी में बच्चों की पढ़ाई जोरों पर होगी। इस दौरान इस तरह की गतिविधियों से बच्चों की पढ़ाई में बाधा हो सकती है। इसे देखते हुए सभी स्कूलों में वार्षिक और पारितोषिक वितरण समारोह दिसंबर अंत तक किए जाने अनिवार्य होंगे। इस समय लाहौल घाटी में प्राथमिक और माध्यमिक पाठशालाओं को छोड़कर सोलह वरिष्ठ माध्यमिक स्कूल तथा छह उच्च पाठशालाएं हैं। परशीरा ने कहा कि लाहौल घाटी में वर्ष 2001 में शिक्षा निदेशक शिमला के आदेशों के बाद स्कूलों में कड़ाके की ठंड के बीच भी इस तरह से वार्षिक समारोह का आयोजन किया जा रहा है। उन्होंने सभी स्कूलों के मुख्याध्यापकों तथा प्रधानाचार्यों को आदेश जारी किए हैं कि वे शिक्षा विभाग के आदेशों का पालन करते हुए समारोह को 31 दिसंबर तक पूरा करें। शिक्षा उपनिदेशक के मुताबिक इस तरह के कार्यक्रमों के आयोजन से पाठशालाओं की गतिविधियों के साथ शिक्षा और खेलों के क्षेत्र में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले छात्राें को सम्मानित करने और हौसला बढ़ाने का मौका मिलता है।
