
राजपुर (सिरमौर) सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र राजपुर में वायरल फीवर के मरीजों की तादाद बढ़ती जा रही है। राजपुर स्वास्थ्य प्रभारी डा.अजय देवल ने कहा कि अस्पताल में गला रोग, नजला-खांसी, बुखार, जुखाम, सिर दर्द आदि वायरल फीवर के मरीज हर रोज इलाज कराने आ रहे हैं। उन्होंनें कहा कि इन दिनों शीत लहर व सुबह शाम अधिक ठंड़ बढ़ने से बच्चे व बुजुर्ग रोगी अस्पताल में उपचार कराने पहुंच रहे हैं। अस्पताल में शिवा गांव से प्रिंस (तीन), कीड़ुवा राम (70) गांव दिघाली, मदन सिंह (45) निवासी भरली, जालम सिंह (55) अंबोया, मुन्नी देवी (40) निवासी दिघाली, कांसो देवी (65) कांगड़ा आदि के मरीज उपचार के लिए आए हैं।
डा. देवल ने कहा कि फिलहाल किसी भी मरीज को दाखिल नहीं किया गया है। जानकारी देते हुए बताया कि अगर मरीजों का स्वास्थ्य ज्यादा बिगड़ता है, तो मरीज को अस्पताल जरुर लाएं।
ये सावधानियां बरतें
सभी लोग विशेषकर अधिक ऊंचाई पर रहने वाले ग्रामीण ठंड से बचें। मरीज व अन्य लोग ठंडी व खट्टी चीजें न लें। पीने के लिए गर्म पानी का प्रयोग करें। गर्म कपड़े पहनें और साफ, ताजा व ढका हुआ खाना खाएं।
