नवलाया के पारनू में भीषण अग्निकांड

मंडी। सदर तहसील के तहत पंचायत नवलाया के पारनू गांव में सोमवार रात को भीषण अग्निकांड में पांच परिवारों की 155 भेड़ बकरियां जलकर मर गई। साथ ही गौशाला में रखा अन्य सामान भी जलकर स्वाह हो गया। राजस्व विभाग की टीम ने अग्निकांड से करीब 10 लाख रुपये का नुकसान आंका है। प्रशासन की ओर से पीड़ित परिवारों को दस-दस हजार रुपये की फौरी राहत प्रदान की है। प्रारंभिक जांच में आग लगने के कारणों का पता नहीं लग पाया है।
जानकारी के अनुसार सोमवार रात करीब दो बजे नवलाया पंचायत पारनू गांव निवासी मनसा राम, लेद राम, वेशराम, डमणू राम की गौशाला में अचानक आग भड़क गई। उस समय परिवार के सभी सदस्य गहरी नींद में सो रहे थे। गौशाला से भेड़ बकरियों की आवाज सुन कर परिवार के सदस्य नींद से जागे। देखा तो गौशाला में भीषण आग लगे हैं। आग लगने से गांव में अफरा-तरफी मच गई। लोग आनन-फानन में बचाव के लिए मौके पर पहुंचे। आग इतनी भयंकर थी कि गौशाला के अंदर मौजूद भेड़ बकरियों को बचाया नहीं जा सका। पांच परिवारों की 155 भेड़ बकरियां आग की भेंट चढ़ गई। तहसीलदार सदर अजय पराशर ने राजस्व विभाग की टीम के साथ मंगलवार को मौके पर पहुंच कर नुकसान का जायजा लिया।
उन्होंने पीड़ित परिवार को प्रशासन की तरफ से दस-दस हजार रुपये की फौरी राहत प्रदान की। तहसीलदार अजय पराशर ने बताया कि आगजनी की घटना से पांच परिवारों की 155 भेड़ बकरियां मरी हैं। इसके अलावा गौशाला में रखा अन्य सामान भी राख हो गया। आग के कारणों का अभी पता नहीं चल पाया है। आगजनी से करीब 10 लाख का नुकसान आंका गया है। पीड़ित परिवारों को राहत मैनुअल के तहत हरसंभव मदद प्रदान की जाएग|

Related posts