
इंदौरा (कांगड़ा)। बद्दी औद्योगिक क्षेत्र में फार्मासूटिकल कंपनी में नशीले पदार्थ की बरामदगी के बाद डमटाल में पंजाब पुलिस ने दबिश दी। पंजाब पुलिस की टीम ने रविवार को हिमाचल पुलिस के सहयोग से टूलिप फार्मालेशन सूरजपुर मोहटली में छापा मारा। फैक्टरी में तैनात कर्मचारियों के बयान लिए। हालांकि, फैक्टरी पिछले तीन माह से बंद पड़ी थी लेकिन बद्दी में नशीले पदार्थ की बड़ी खेप बरामद होने के बाद पंजाब पुलिस की टीम ने यहां रिकार्ड खंगाला और वहां से कुछ दवाइयों के सैंपल भी जब्त किए। फैक्टरी परिसर में किसी भी तरह का कोई संदिग्ध नशीला पदार्थ जब्त करने की कोई पुष्टि नहीं हो पाई है। पंजाब पुलिस की टीम के सर्च वारंट पर हिमाचल पुलिस ने फैक्ट्री में दबिश देने की इजाजत के बाद छापामारी की। डीएसपी नूरपुर राजीव अत्री ने छापेमारी की पुष्टि करते हुए कहा कि कुछ दवाइयों के सैंपल लिए गए हैं। किसी तरह का नशीला पदार्थ बरामद नहीं हुआ है।
दवा कंपनियों से भरे जाएंगे सैंपल : एएसपी
धर्मशाला। नशीली दवाओं और प्रतिबंधित दवाओं की बिक्री पर रोक लगाने के लिए कांगड़ा पुलिस मुस्तैद हो गई है। जिला भर में तमाम फैक्टरियों पर पुलिस की टीमें छापेमारी करेंगी। इसके लिए कांगड़ा पुलिस ने जिला स्तर और थाना स्तर पर कमेटियों का गठन किया है। टीमें रूटीन में दवा कंपनियों मे रेड करेंगी। सूत्रों के मुताबिक पुलिस को नशीली दवाओं और प्रतिबंधित दवाओं की बिक्री को लेकर शिकायतें मिल रही हैं। अब तमाम कंपनियों से दवाओं के सैंपल भरे जाएंगे। इसके अलावा दवा विक्रेताओं की दुकानों पर भी छापेमारी होगी। एएसपी मोहित चावला ने बताया कि पुलिस ने जिला और थाना स्तर पर कमेटियां गठित की हैं। टीमें दवा कंपनियों और दवाई की दुकानों में छापेमारी करेंगी।
