
मंडी। प्रदेश विश्वविद्यालय की ओर से जारी बीए प्रथम वर्ष की डेटशीट को लेकर अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद मंडी इकाई ने सोमवार को वल्लभ कॉलेज परिसर में प्रदर्शन किया। इस दौरान एबीवीपी कार्यकर्ताओं ने विवि प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी कर रोष जताया। इकाई सचिव अजय चंदेल और जिला संयोजक योगेश ठाकुर ने कहा कि विवि की ओर से जारी डेटशीट में एक ही दिन में दो परीक्षाएं दर्शाई हैं। इससे विद्यार्थियों को भारी परेशानी होगी। विद्यार्थी एक ही दिन में दो परीक्षाएं नहीं दें पाएंगे और न ही अगली परीक्षा की तैयारी कर सकेंगे। एबीवीपी ने विवि प्रशासन को चेताया है कि यदि बीए प्रथम वर्ष की डेटशीट में बदलाव नहीं किया गया तो छात्र संगठन आंदोलन से पीछे नहीं हटेंगे। इस अवसर पर अभाविप इकाई के अंकित कश्यप, मोहित डोगरा, प्रवीण शर्मा, प्रिंस, रणधीर, नितेश गुलेरिया, देशराज और चीनू सहित अन्य कार्यकर्ता मौजूद रहे।
