
टिहरा (मंडी)। क्षेत्र की तनिहार पंचायत के पांच वार्डों में कई दिनों से पेयजल आपूर्ति न होने से लोग परेशान हैं। इसके चलते ग्रामीणों को मीलों दूर से पानी लाना पड़ रहा है। स्थानीय निवासी प्रेम सिंह, अमर सिंह, बहादुर सिंह, ज्ञान चंद, बीरबल सिंह, वार्ड सदस्य युद्घवीर सिंह, हेमा देवी, कौशल्या देवी, बीना देवी, फुला देवी, त्रिलोक चंद, राजमल, महाजन सिंह, भीखम राम, देवराज और हुक्म चंद ने बताया कि पहले चरण की नौण उठाऊ पेयजल योजना से आपूर्ति न होने से विभाग द्वारा ग्रामीणों को द्वितीय चरण की साहण उठाऊ पेयजल योजना से नियमित पेयजल आपूर्ति दी जा रही थी लेकिन 20 दिन से इस योजना से लोगों को पानी की आपूर्ति नहीं हो रही।
लोगों ने कहा कि नौण योजना से पेयजल आपूर्ति न होने पर विभाग द्वारा दूसरे चरण साहण उठाऊ पेयजल योजना से आपूर्ति की थी। विभागीय कर्मचारियों की लापरवाही के चलते योजना कई दिन से ठप पड़ी है। इसका खामियाजा आम जनता को भुगतना पड़ रहा है। ग्रामीणों ने चेतावनी दी कि यदि समय रहते पेयजल आपूर्ति बहाल नहीं की गई तो वे उन्हें मजबूरन विभागीय कार्यालयों का घेराव करना पड़ेगा। आईपीएच विभाग के सहायक अभियंता एके सहगल ने कहा कि पेयजल समस्या की छानबीन की जाएगी। लोगों को शीघ्र ही समस्या का समाधान करने का भरोसा दिया है।
