महिला ने फंदा लगाकर दी जान

तीसा (चंबा)। स्थानीय थाना के तहत एक महिला ने पड़ोसी की गलत हरकतों से तंग आकर आत्महत्या कर ली है। पुलिस ने उसके पति भूपिंद्र सिंह पुत्र महाजन राम निवासी गांव पलुग तहसील चुराह की शिकायत पर आरोपी देवी सिंह पुत्र वजीरू राम के खिलाफ आत्महत्या के लिए उकसाने का मुकदमा दर्ज कर लिया है। एसपी जगत राम ने बताया कि भूपिंद्र सिंह ने शिकायत दर्ज करवाई है कि आरोपी देवी सिंह उनकी पत्नी पर गलत नजर रखता था। उन्होंने पुलिस को बताया कि उनकी पत्नी कांतो ने उन्हें तीन माह पहले भी बताया था कि देवी सिंह उसे अकेला देखकर हर समय अश्लील हरकतें करता रहता है। उन्होंने कहा कि 14 नवंबर को जब कांतो देवी अपने परिवार के साथ घर में थी तब भी देवी सिंह ने उसके साथ अश्लील हरकतें की। उन्होंने कहा कि देवी लाल हर समय उनकी पत्नी को देखकर अकसर ही अश्लील हरकतें करता रहता था। देवी सिंह की इन हरकतों से तंग आकर कांतो देवी ने शनिवार देर रात अपने कमरे में दुपट्टे से फंदा लगाकर अपनी इहलीला समाप्त कर ली। भूपिंद्र ने पुलिस को बताया कि कांतो देवी के साथ उनकी शादी वर्ष 2007 में हुई थी और उनके घर के साथ ही देवी सिंह का घर है। एसपी जगत राम ने बताया कि भूपिंद्र सिंह की शिकायत पर देवी सिंह पुत्र वजीरू राम निवासी गांव पलुग के खिलाफ भारतीय दंड संहिता 306 के तहत आत्महत्या के लिए उकसाने का मामला दर्ज किया है और आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है। इसके साथ ही मामले की छानबीन शुरू कर दी गई है।

Related posts