
रालेगन सिद्धि: गांधीवादी अन्ना हजारे ने नई दिल्ली में एक संवाददाता सम्मेलन में आम आदमी पार्टी (आप) के संयोजक अरविंद केजरीवाल पर काली स्याही फेंकने वाले व्यक्ति से खुद को अलग करते हुए कहा कि वह उसे नहीं जानते हैं। हजारे ने कहा, ‘‘ मैं हंगामा करने वाले व्यक्ति को नहीं जानता हूं। जब मैंने समाचार देखा तो उसमें वह भाजपा का एक कार्यकर्ता होने का दावा कर रहा था। मैं नहीं जानता कि यह व्यक्ति कौन है।’’
ज्ञातव्य है कि भाजपा का कार्यकर्ता होने का दावा करने वाले एक व्यक्ति ने आज केजरीवाल तथा उनके पार्टी सहयोगियों पर काली स्याही फेंककर आप संयोजक द्वारा संबोधित की जाने वाली प्रेस कांफ्रेंस में खलल डाला। खुद को महाराष्ट्र के अहमदनगर की भाजपा इकाई का महासचिव बताने वाले नचिकेता वाघरेकर का कहना था कि वह अन्ना हजारे का प्रशंसक है। उसने केजरीवाल पर ‘‘अन्ना और जनता को धोखा देने का आरोप लगाया।’’
