
बिलासपुर। बिलासपुर में युवा कांग्रेस के संगठनात्मक चुनावों को लेकर प्रत्याशियों की किस्मत मतदाता पेटियों में बंद हो चुकी है। युवा कांग्रेस के चुनावों को लेकर युवा कांग्रेस कार्यकर्ताओं में खासा उत्साह रहा। सभी प्रत्याशियों ने कार्यकर्ताओं से उनके पक्ष मतदान करने का आग्रह किया। 17 नवंबर को लोकसभा, ब्लाक अध्यक्ष के परिणाम घोषित होंगे।
शुक्रवार को स्थानीय इंदिरा भवन बिलासपुर में युवा कांग्रेस संगठनात्मक चुनावों को लेकर सदर, घुमारवीं, नयनादेवी विधानसभा क्षेत्र को लेकर मतदान हुआ। इसमें युवा कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने बढ़-चढ़कर भाग लिया। तीनों विधानसभा क्षेत्रों से लोकसभा, ब्लाक अध्यक्ष के लिए चुनाव लड़ रहे प्रत्याशी सुबह से ही इंदिरा भवन में पहुंच गए थे। दोपहर तीन बजे तक चुनाव प्रक्रिया करवाई गई। नयनादेवी विधानसभा क्षेत्र में 90 मतदाताओं से 48, घुमारवीं में 153 से 149, सदर में 142 से 134 मतदाताओं ने अपने मत का प्रयोग किया। झंडूता विधानसभा क्षेत्र में युवा कांग्रेस चुनाव प्रक्रिया 16 नवंबर को होगी।
एलआरओ बिलासपुर जसविंद्र सिंह ने कहा कि बिलासपुर जिला के तीन विधानसभा क्षेत्रों के लिए शांतिपूर्ण तरीके से चुनाव प्रक्रिया संपन्न हुई है। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी के दिशा निर्देशानुसार ही चुनाव करवाए गए हैं। 17 नवंबर को लोकसभा, ब्लाक अध्यक्ष का चुनाव परिणाम घोषित हो जाएगा।
बाक्स:
इन प्रत्याशियों में है टक्कर:
बिलासपुर। सदर विधानसभा क्षेत्र के तहत ब्लाक अध्यक्ष पद के लिए गौरव शर्मा, तिलक ठाकुर, आशीष ठाकुर, नयनादेवी क्षेत्र से गुरनाम सिंह, कुलदीप कुमार, घुमारवीं से सचिन, रवि ठाकुर, झंडूता से यशपाल चंदेल, चमन शर्मा, सुखराज मैदान में हैं। वहीं, लोकसभा अध्यक्ष के लिए झंडूता विधानसभा क्षेत्र से जिला मार्केटिंग कमेटी के चेयरमैन विवेक कुमार, सुधीर, घुमारवीं से मोहित चुनाव लड़ रहे हैं।
