
धर्मशाला। कांगड़ा जिले में जल्द ही 60 जेबीटी शिक्षकों को नौकरी मिलने वाली है। हाल ही में प्रारंभिक शिक्षा उपनिदेशक कार्यालय धर्मशाला में हुए साक्षात्कार और काउंसलिंग का परिणाम जल्द ही घोषित कर दिया जाएगा। जानकारी के अनुसार विभाग करीब 15 दिन के भीतर काउंसलिंग का परिणाम घोषित करने की तैयारी में है। प्रारंभिक शिक्षा उपनिदेशक कार्यालय रिजल्ट की तैयारियों में जुट गया है। इन पदों को भरने के लिए 11, 12 और 13 नवंबर को जेबीटी अभ्यर्थियों की काउंसलिंग का आयोजन किया गया था। जिला कांगड़ा में जेबीटी के 60 पदों के लिए 474 अभ्यर्थियों ने अपना भाग्य आजमाया है। इनमें से मेरिट और योग्यता के आधार पर 60 शिक्षकों का चयन किया जाएगा। इनमें से सामान्य वर्ग से 22, सामान्य वर्ग आईआरडीपी से 5, सामान्य वर्ग स्वतंत्रता सेनानी वर्ग से एक, अन्य पिछड़ा वर्ग से 7, अन्य पिछड़ा वर्ग आईआरडीपी से 2, अनुसूचित जाति से 9, अनुसूचित जाति आईआरडीपी से 2, अनुसूचित जनजाति वर्ग से एक अभ्यर्थी की नियुक्ति की जाएगी। जबकि पूर्व सैनिकों के 9, स्पोर्ट्स और विकलांग कोटे से एक-एक पद भरा जाएगा।
कोट
विभाग परिणाम तैयार करने में जुटा है। टीजीटी अध्यापकों की काउंसलिंग खत्म करने के बाद जेबीटी शिक्षकों की फाइनल लिस्ट निकाल दी जाएगी। विभाग की कोशिश है कि दस-पंद्रह दिन के भीतर रिजल्ट जारी किया जाए। लिस्ट जारी होने के बाद जल्द ही अध्यापकों को नियुक्तियां दे दी जाएगी।
-भजन सिंह प्रारंभिक शिक्षा उप निदेशक
