
देहरागोपीपुर/ कंडवाल (कांगड़ा)। हरिपुर और नूरपुर के भदरोआ में दो शव मिलने से सनसनी का माहौल है। जानकारी के अनुसार हरिपुर थाना के तहत एक व्यक्ति की ढांक से गिरकर मौत हो गई है। पुलिस ने मामला दर्ज कर शव का पोस्टमार्टम करवाकर निकट संबंधियों को सौंप दिया है। पुलिस के अनुसार हरिचंद निवासी सल्ली (शाहपुर) गद्दी समुदाय से संबंधित है और इन दिनों निचले स्थानों पर भेड़-बकरियां चराने आया हुआ था। शुक्रवार को उसका शव बनेड़ खड्ड में मिला है। माना जा रहा है कि मृतक की मौत ढांक से पैर फिसलने के बाद खड्ड में गिरने से हुई है। शुक्रवार को अन्य साथियों ने उसे डेरे में न पाकर ढूंढना शुरू किया तो थोड़ी देर बाद उसका शव बनेड़ खड्ड में मिला। डीएसपी बीडी भाटिया ने बताया कि पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस हर पहलू को ध्यान में रखकर जांच कर रही है। शव का पोस्टमार्टम सिविल अस्पताल देहरा में करवाया गया है। उधर, पुलिस थाना नूरपुर के तहत भदरोआ के जगतगिरि आश्रम के निकट चक्की खड्ड में पुलिस ने शुक्रवार सायं एक व्यक्ति का शव बरामद किया है। मृतक की शिनाख्त मनोहर लाल उर्फ बिल्ला (40 साल) पुत्र कृष्ण लाल निवासी पठानकोट के रूप में हुई। जानकारी के अनुसार स्थानीय लोगों ने जब चक्की खड्ड में एक व्यक्ति के शव को देखा तो उसकी तुरंत सूचना कंडवाल पुलिस चौकी को दी। सूचना मिलते ही कंडवाल पुलिस प्रभारी अजीत सिंह पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और शव को कब्जे में ले लिया। पुलिस के मुताबिक मृतक नशे का आदी था और वीरवार सायं वे अपने घर से पैसे लेकर निकला था। माना जा रहा कि ज्यादा शराब पीने के कारण वह असंतुलित होकर चक्की खड्ड में गिर गया। डीएसपी राजीव अत्री ने बताया कि मृतक के शव की शिनाख्त कर उसके परिजनों को सूचित कर दिया है। परिजनों ने किसी पर शक नहीं जताया है तथा माना है कि मृतक नशे का आदी था। उन्होंने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए नूरपुर अस्पताल भेजा जा रहा है तथा पुलिस ने 174 सीआरपीसी के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। उन्होंने कहा कि शनिवार को मृतक के शव का पोस्टमार्टम करवाकर परिजनों को सौंप दिया जाएगा। जानकारी अनुसार मृतक विवाहित था और दो बच्चों का पिता था।
