सड़क की टारिंग पर सवाल

ज्वालामुखी (कांगड़ा)। ज्वालामुखी नगर परिषद के वार्ड नंबर एक और पांच में सड़क की टारिंग का निर्माण कार्य चल रहा है, लेकिन सड़क का सही लेवल न होने पर इलाके की जनता ने निर्माण कार्य पर सवाल उठाने शुरू कर दिए हैं। जनता की शिकायत पर वीरवार को वार्ड नंबर एक और पांच में स्वयं नपं प्रधान अनिल प्रभा, पार्षद सुखविंद्र सिंह, कनिष्ठ अभियंता कमलकांत, नगर परिषद कर्मचारी संघ के प्रधान राकेश कुमार ने मौके पर जाकर सड़क की टारिंग की जांच की और निर्माण कार्य पर असंतोष प्रकट किया। वहीं, मौके पर पहुंचे वार्ड के लोगों से भी प्रधान और पार्षद ने निर्माण कार्य के बारे में जानकारी ली। इसके बाद निर्णय लिया गया कि अगर सही ढंग से कार्य नहीं किया जाता है तो नगर परिषद के पास ठेका रद करने के अधिकार भी सुरक्षित हैं। निर्माण कार्य में कोताही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। इससे पहले बुधवार को भी नगर परिषद ज्वालामुखी के मनोनीत पार्षद केदार चंद, सुनील सोनी और कपिल सूद ने भी मौके का निरीक्षण कर सड़क निर्माण को सही ढंग से करने के निर्देश दिए थे। नगर परिषद प्रधान अनिल प्रभा ने कहा कि जनता की शिकायत आ रही थी कि निर्माण सही नहीं हो रहा है। इसलिए मौके का निरीक्षण किया गया है। कार्य में संतुष्टि होने पर ही ठेकेदार को निर्माण कार्य की राशि दी जाएगी। अनियमितता पाए जाने पर ठेका रद करने का नगर परिषद के पास अधिकार है। वहीं, वार्ड नंबर पांच के पार्षद सुखविंद्र सिंह का कहना है कि कार्य में कोताही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। सही लेवल हो, इसके लिए एक्सपर्ट की देखरेख में कार्य होना चाहिए।

Related posts