
हल्द्वानी। बड़ी जद्दोजहद के बाद आखिरकार राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (एनएचएआई) ने बरेली रोड की सड़कों को गड्ढामुक्त कराया, लेकिन इसमें भी कथित रूप से कमीशन का खेल हावी रहा, जिस कारण घटिया गुणवत्ता से हुआ निर्माण कार्य टिक नहीं सका है। पैच वर्क के गड्ढों से बजरी बाहर आ गई है और इसमें लोग फिसल कर चोटिल हो रहे हैं।
सड़क पर गड्ढों के कारण आए दिन हादसे हो रहे हैं। दबाव पड़ा, तो जैसे-तैसे एनएचएआई ने गड्ढे भरे, पर पैच वर्क की हालत कुछ दिनों में दिखने लगी है। कई जगह गड्ढों से बजरी बाहर आ गई है। गोविंदपुरा निवासी आरटीआई कार्यकर्ता गुरविंदर सिंह चड्ढा और हेमंत गौनिया ने गुणवत्ता को लेकर शिकायत दर्ज कराई है। उन्होंने मेयर डा. जोगेंद्रपाल सिंह रौतेला, सिटी मजिस्ट्रेट आरडी पालीवाल, एसडीएम हरवीर सिंह को ज्ञापन के साथ कार्यस्थल से एकत्र नमूने भी सौंपे। उन्होंने इसकी गुणवत्ता का परीक्षण कराने, दोषियों के खिलाफ कार्रवाई समेत आरोपियों से रिकवरी भी कराने की मांग की है। वहीं, एसडीएम हरवीर सिंह का कहना है कि शिकायत मिली है। गुरुवार को लोनिवि अधिकारियों के साथ सैंपलिंग की जाएगी।
