भर्ती को ऊधमसिंह नगर के सात हजार युवक दौड़े

बनबसा। शांतिपूर्ण माहौल में कड़ी सुरक्षा के बीच बुधवार को ऊधमसिंह नगर जिले की थल सेना भर्ती प्रकिया शुरू हुई। सात हजार से अधिक अभ्यर्थी दौड़ में शामिल हुए। भीड़ नियंत्रित करने में पुलिस को खासी मशक्कत करनी पड़ी। गुरुवार को नैनीताल जिले के युवाओं की भर्ती होगी।
कुमाऊं क्षेत्र के युवाओं के लिए आयोजित सेना भर्ती रैली में बुधवार को अल्मोड़ा भर्ती कार्यालय की देखरेख में ऊधम सिंह नगर जिले के युवकों की जीडी, क्लर्क और टेक्निकल पदों के लिए भर्ती की गई। बीआरओ अल्मोड़ा के डायरेक्टर (भर्ती अधिकारी) कर्नल वी सुंदरेश ने बताया कि ऊधमसिंह नगर जिले के करीब 7100 युवकों ने दौड़ में प्रतिभाग किया। इसमें से पांच सौ युवक दौड़ में सफल रहे। दौड़ में चयनित युवकों को फिजिकल फिटनेस टेस्ट देना होगा। इसके बाद चयनित युवकों का गुरुवार को मेडिकल परीक्षण किया जाएगा। साथ ही, उनके प्रमाण पत्र आदि का भी निरीक्षण किया जाएगा।

Related posts