युवक से एक घंटे पूछताछ

हमीरपुर। पुलिस थाना सदर के अंतर्गत ग्राम पंचायत दड़ूही के एक 22 वर्षीय युवक ने अपनी जमीन गांव के ही एक व्यक्ति को बेच दी। युवक की मां को भनक हल्का पटवारी से लगी। इस पर युवक घर से गायब हो गया। पुलिस ने उसे थाना में तलब किया। करीब एक घंटे की पूछताछ के बाद युवक को परिजनों को सौंप दिया गया है। युवक के साथ ग्रामीणों का एक प्रतिनिधिमंडल भी थाना पहुंचा।
युवक की माता तृप्ता देवी पत्नी स्व. लेखराज निवासी दड़ूही ने बताया कि वर्ष 2007 में उसके पति लेखराज की मौत हो गई। सारी पूंजी दो बेटों रजनीश, यशपाल और उसके नाम कर दी। सारी चल अचल संपत्ति अप्पर महल, गोपाल नगर, मौजा बजूरी में है। गांव के ही एक व्यक्ति ने बेटे यशपाल सिंह से सारी जमीन की सेल डीड चतुराई से मात्र दो लाख दो हजार चार सौ रुपये में बनवा ली। सारी संपत्ति की कुल कीमत 26 लाख रुपये बनती है। हल्का पटवारी से जमीन का पर्चा लेने के बाद हकीकत पता चली। उसने हकीकत का पता अपने बेटे यशपाल से करना चाहा तो वह घर से गायब हो गया। तृप्ता देवी ने सारे मामले की शिकायत एसपी से की। पीड़िता की शिकायत के आधार पर पुलिस ने कार्रवाई करते हुए युवक को ग्रामीणों सहित थाना में तलब किया। करीब एक घंटे तक बयान कलमबद्ध किए गए। इसके बाद उसे परिजनों के हवाले कर दिया गया।

पैसों से खरीदी है कार और मोबाइल
यशपाल ने जमीन बेचकर प्राप्त नकदी से एक हुंडई वर्ना कार खरीदी है। साथ ही करीब 20 हजार रुपये का मोबाइल हैंडसेट खरीदा है। पुलिस पूछताछ के दौरान यशपाल ने जमीन बेचने की बात कबूल की है। यशपाल ने बताया कि सवारी लेकर वह चंडीगढ़ गया था। हाल ही में चंडीगढ़ से लौटा है। पीड़िता तृप्ता देवी का कहना है कि यशपाल दो नवंबर से घर से गायब था।

प्रतिनिधिमंडल में ये रहे मौजूद
प्रतिनिधिमंडल में ग्राम पंचायत प्रधान दड़ूही उषा विरला, पीड़िता तृप्ता देवी, फीलूद्दीन, पप्पी, जयचंद, रिप्पी, सरदार प्रीतम चंद, अश्वनी कुमार, पवन कुमार, मेहर सिंह, राम लाल, सरवण सिंह, कुलदीप सिंह, दिलबाग और रमेश चंद आदि मौजूद रहे।

Related posts