
बरमाणा (बिलासपुर)। राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला बरमाणा में आयोजित सात दिवसीय राष्ट्रीय सेवा योजना शिविर का समापन हो गया है। समापन समारोह मौके पर बरमाणा पंचायत के प्रधान रमेश कुमार संध्यार ने बतौर मुख्य अतिथि शिरकत की। उन्होंने कहा कि स्कूली बच्चों को अन्य गतिविधियों में भी भाग लेना चाहिए। इस तरह के शिविरों के आयोजन से बच्चों में आपसी भाईचारे की भावना बढ़ती है।
इससे पूर्व कार्यक्रम की शुरुआत सरस्वती वंदना से की गई। बच्चों ने सांस्कृतिक कार्यक्रम भी प्रस्तुत किए। शिवानी व सहेलियों ने स्वागत गीत, शिवानी ने देश भक्ति गीत, ‘मेरे वतन के लोगों जरा आंख में भर लो पानी’, आकाश व साथियों ने रुकमणि गाथा, स्वयंसेवियों ने चिट्टे शूट पे दाग गए सहित अन्य गीत प्रस्तुत कर खूब वाहवाही लूटी।
इस दौरान कमलेश कुमार, मधू को बेस्ट स्वयंसेवी चुना गया। इसके अलावा बेस्ट ग्रुप अवार्ड अध्यापकों में संजू संख्यान को मिला। स्कूल प्रधानाचार्य कुलदीप डोगरा ने आकाश, मुकेश, प्रतीक्षा, गौरव, कुशल, मधु, ममता, लक्की, सरोज, निकिता प्रवेश, निशांत को भी सम्मानित किया। एनएसएस शिविर कार्यक्रम अधिकारी धर्म दास सिमिर ने अपनी रिपोर्ट प्रस्तुत की। उन्होंने कहा कि सात दिवसीय शिविर में बच्चों ने ट्रैकिंग टूअर में कोल डैम जमथल जालपा मंदिर और बैंकिंग प्रणाली, पत्रकारिता, पुलिस कार्य प्रणाली से रूबरू हुए। उन्होंने कहा कि शिविर में 50 स्वयंसेवियों ने भाग लिया। इस दौरान स्वयंसेवियों ने स्कूल परिसर की सफाई के साथ-साथ अन्य गतिविधियों में भी भाग लिया। इस दौरान उप प्रधान प्रेम चंद ठाकुर, नीलम कुमारी, अनीता शर्मा, सुभाष चंद्र, वंदना, सुखदेव रतन सहित अन्य गणमान्य लोग मौजूद थे।
