पैराग्लाइडर की आकृत्ति निकली बर्फ

होली (चंबा)। होली क्षेत्र की दयोल पंचायत के सामने वाली पहाड़ी में पैराग्लाइडर जैसी बनी एक आकृति के कारण काफी अफरातफरी मची रही। इस पहाड़ी पर काफी दूरी से ऐसा प्रतीत हो रहा था कि यहां कोई पैराग्लाइडर गिरा हुआ है। साथ ही यहां मंडरा रहे गिद्धों के कारण इस बात को ओर बल मिला कि कहीं कोई पैराग्लाइडर न मर गया हो। यह बात एक के बाद एक करके होली में फैल गई और पुलिस को सूचित किया गया। पुलिस टीम ने जब मौके पर जाकर देखा तो पहाड़ी में अजीबोगरीब तरीके से जमा हुए बर्फ का एक टिला मिला। बर्फ से खाली पहाड़ी पर बर्फ के इस टिले को दूर से देखने वाले लोगों को पैराग्लाइडर जैसा आभास हो रहा था। जब पुलिस टीम ने लौटकर सच्चाई बताई तब जाकर लोगों को राहत मिली। स्थानीय लोगों उमेश, ठाकुर सिंह, महेश कुमार, हरेंद्र कुमार, मनोज कुमार ने बताया कि जिस स्थान पर बर्फ जमी हुई थी, उस स्थान पर बर्फ जमा होने की कोई संभावना नहीं थी। इस स्थान पर पूरा दिन धूप रहती है। इसी कारण उन्हें लगा यहां कोई पैराग्लाइडर न गिरा हो। उन्होंने पैराग्लाइडर होेने की सूचना पुलिस को दी तो पुलिस टीम ने होली चौकी प्रभारी देवानंद शर्मा की अगुवाई में मौके का दौरा किया तो पहाड़ी में बर्फ जमी हुई थी। देवानंद शर्मा ने बताया कि बर्फ के कारण लोगों को गलतफहमी हो गई थी।

Related posts