गन्ना मूल्य 350 रुपये करने की मांग

काशीपुर। राज्य सरकार द्वारा गन्ना खरीद मूल्य निर्धारित करने के लिए मूल्य निर्धारण परामर्श समिति की हंगामेदार बैठक में किसानों ने गन्ना मूल्य 350 रुपया प्रति कुंतल निर्धारित करने की पुरजोर मांग की। जबकि चीनी मिल प्रबंधकों ने 225 रुपये से अधिक में गन्ना खरीद करने में असमर्थता व्यक्त की।
मंगलवार को गन्ना आयुक्त कार्यालय में गन्ना मूल्य निर्धारण परामर्शदात्री समिति के अध्यक्ष चौधरी सुरेंद्र सिंह की अध्यक्षता में बैठक हुई। बैठक में गन्ना विकास विभाग के आयुक्त विनोद कुमार सुमन, गन्ना वैज्ञानिकों और सरकारी चीनी मिलों के प्रबंधकों तथा किसानों ने भाग लिया। बैठक में किसानों ने कहा कि डीजल, खाद, बीज व दवाओं के मूल्य बढ़ने से गन्ना का लागत मूल्य बढ़ गया है। जिससे गन्ना का मूल्य 350 रुपया प्रति कुंतल रखा जाए। अधिकांश किसानों ने इसका समर्थन किया। जबकि गन्ना वैज्ञानिकों ने भी 325 रुपया के लगभग गन्ना मूल्य रखने का सुझाव दिया। परंतु सरकारी चीनी मिलों के प्रबंधकों ने चीनी का बाजार मूल्य के अनुसार 225 रुपया से अधिक में गन्ना खरीद करने में असमर्थता व्यक्त की। गन्ना आयुक्त विनोद कुमार सुमन ने कहा कि किसानों का हित सर्वोपरि है। पिछले साल भी उत्तराखंड ने किसानों को सबसे अधिक गन्ना मूल्य दिया था। आगे भी सबसे अधिक देने का प्रयास रहेगा।
इस मौके पर डॉ. देवेंद्र कुमार, डॉ. मुरारी लाल, डॉ. वीके त्यागी, अजय कुमार शर्मा, आशीष भटगई, दीप्ति सिंह, अजय खंडेलवाल, अजब सिंह, सत्यवीर सिंह, प्रकाश तिवारी, गजेंद्र शर्मा, रणजीत सिंह, महेंद्र सिंह, रणवीर सिंह, चौधरी अजब सिंह, प्रकाश तिवारी आदि मौजूद थे।

Related posts