नशे के लिए हो रहा दवाओं का उपयोग

रुद्रपुर। शहर में नशे के कैप्सूल का कारोबार धड़ल्ले से चल रहा है। इससे युवा वर्ग नशे के दलदल में फंसता जा रहा है।
दरअसल, स्पास्मो प्रोक्सीवान, नाइट्राजीपाम, कोरेक्स, फोर्टवीन व एंटीजोलॉम जैसी दर्द निवारक और डिप्रेशन में काम आने वाली दवाओं को आमतौर पर डॉक्टर की सलाह पर दिया है। मगर कई लोग इन दवाओं का इस्तेमाल नशे के लिए कर रहे हैं। हालांकि अधिकांश मेडिकल स्टोरों पर ये दवा डॉक्टर की परामर्श के बाद ही मिलती हैं। लेकिन गली मोहल्लों में खुले छोटे छोटे स्टोरों पर ये दवाएं आसानी से मिल जाती हैं। शहर के गांधी पार्क, सुभाष कालोनी, गल्ला मंडी, रवींद्र नगर, रोडवेज, ट्रांजिट कैंप क्षेत्र में दवाओं से नशा करने वाले युवा घूमते देखे जा सकते हैं। बावजूद इसके पुलिस और स्वास्थ्य महकमा धड़ल्ले से बिक रहे नशे के कैप्सूलों पर रोक नहीं लगा रहा है। एएसपी यशवंत सिंह चौहान ने बताया कि शहर के सभी मेडिकल स्टोर स्वामियों को अवगत कराया गया है कि बगैर डॉक्टर की सलाह के ऐसी दवा उपलब्ध न कराएं। बताया कि नशे के कैप्सूल की बिक्री की शिकायत मिलने पर ड्रग कंट्रोलर के साथ मिलकर अभियान चलाया जाएगा।

Related posts