
बैजनाथ(कांगड़ा)। जमीनी विवाद के चलते दगोह में भतीजे ने सगे चाचा को मौत के घाट उतार दिया। परिजनों की शिकायत पर पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है। हत्या के बाद से आरोपी फरार है। देर रात को पुलिस ने गांव में आरोपी की तलाश में कई जगह छापामारी की।
जानकारी के अनुसार स्थानीय थाना के अंतर्गत आने वाले दगोह गांव में 69 वर्षीय मेहताब सिंह का सगे भतीज कुलदीप के साथ जमीन को लेकर विवाद चल रहा था। पुलिस के अनुसार मेहताब ने अपने घर की दीवार का निर्माण कार्य शुरू कराया था। मंगलवार देर शाम दीवार को लेकर कुलदीप ने उसके साथ बहसबाजी शुरू कर दी। बहसबाजी बढ़ गई और दोनों काफी गुस्से में आ गए। इसी दौरान कुलदीप ने तैश में आकर अपने चाचा की छाती पर वार कर दिया। मेहताब जमीन पर गिर पड़ा। इलाज के लिए मेहताब को उपमंडलीय चिकित्सालय लाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसको मृत घोषित कर दिया।
शव का पोस्टमार्टम बुधवार को होने की उम्मीद है। मृतक के परिजनों के अनुसार मामले में दो महिलाएं भी शामिल हैं। पुलिस ने आरोपी की तलाश में गांव में छापामारी की। खबर लिखे जाने तक किसी भी व्यक्ति को हिरासत में नही लिया गया था।
कोट्स——————–
पुलिस मामले की जांच कर रही है । पोस्टमार्टम की रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के कारणों का पता चल पाएगा। पुलिस की टीम आरोपियाे को पकड़ने के लिए गांव में भेज दी गई है। दोनों गुटों में जमीनी विवाद के चलते झगड़ा हुआ था।
नवनीत, डीएसपी, बैजनाथ
