
नगरोटा बगवां (कांगड़ा)। नगरोटा बगवां के मुख्य बाजार के बीच स्थित एक घर में चोरी की घटना को अंजाम देकर चोरों ने लाखाें के गहने तथा नकदी पर हाथ साफ कर दिया। जानकारी के अनुसार नए बस अड्डा के समीप तहसील कार्यालय के सामने गत कई साल से टीन के ट्रंक बनाने वाले दीवान चंद के घर में यह घटना घटी है। बताया जा रहा है कि दीवान चंद परिवार सहित 8 नवंबर को गुरदासपुर अपनी बेटी के ससुराल गए हुए थे। जब 11 नवंबर को लौटे तो उनके घर के अंदर रखी लोहे की अलमारी और उसकी सेफ टूटी हुई थी। दीवान चंद ने बताया कि अलमारी की सेफ में सात तोले सोना तथा लगभग 57 हजार की नकदी रखी हुई थी। जिसे चोरों ने उड़ा लिया है। सूचित किए जाने पर नगरोटा बगवां पुलिस थाना के एएसआई राम सिंह ने घटना स्थल का मुआयना किया, जबकि डीएसपी कांगड़ा अशोक वर्मा ने भी मौके पर पहुंचकर इस मामले की जानकारी हासिल की। फिलहाल, पुलिस ने चोरी का मामला दर्ज करके छानबीन शुरू कर दी है।
