
कुल्लू। जिले के सरकारी स्कूलों में मंगलवार को देश के प्रथम शिक्षा मंत्री मौलाना अबुल कलाम आजाद के जन्मदिन को शिक्षा दिवस के रूप में मनाया गया। छात्रों ने मौलाना कलाम को याद करते हुए उनके बताए रास्तों पर चलने की शपथ ली। इस मौके पर स्कूल मुख्याध्यापकों ने बच्चों को अबुल कलाम आजद द्वारा दिए गए बलिदान व उनके नेक कार्यों के बारे में नौनिहालों को जानकारी दी। शिक्षकों ने बच्चों को देश के प्रथम शिक्षा मंत्री के पदचिन्हों पर चलने का आह्वान किया। राजकीय उच्च पाठशाला बनाला के अलावा राजकीय प्राथमिक पाठशाला फनौटी में मौलाना अबुल कलाम की जयंती को शिक्षा दिवस के रूप में मनाया गया। फनौटी स्कूल के मुख्याध्यापक मेहर चंद ठाकुर ने बच्चों को मौलाना कलाम की जीवनी पर प्रकाश डाला तथा विद्यार्थियों से उनके बताए रास्तों पर चलने का भी आह्वान किया। उधर, सीसे स्कूल लगौटी, प्र्राइमरी स्कूल बालू, कोलथा, करशाला व देहुरी में भी देश के पहले शिक्षा मंत्री की जयंती की खूब धूम रही। इन स्कूलोें के बच्चों ने जहां रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम पेश किया, वहीं, भाषण, चित्रकला सहित कई अन्य स्पर्धाओं का भी आयोजन कर प्रथम शिक्षा मंत्री को याद किया। इसके अलावा सीसे स्कूल निरमंड, अरसू, बागीपुल, दलाश, शवाड़, भुंतर, बजौरा, ढालपुर, मनाली, सैंज आदि स्कूल में भी मौलाना अबुल कलाम आजाद का जन्म दिवस मनाया गया।
