कौन सी परीक्षा दें कौन सी छोड़ें

ऊना। प्रदेश में एक ही दिन दो परीक्षाओं के होने से हजारों बेरोजगार युवाओं में असमंजस की स्थिति बन गई है। 17 नवंबर को प्रदेश भर में राज्य स्तरीय एलिजिबिलिटी टेस्ट (सैट) की परीक्षा है। वहीं इसी दिन हिमाचल सहकारी बैंक सीमित (एचपीएससीबी) की परीक्षा भी हो रही है। एक ही दिन में दो परीक्षाओं की तिथि आने से युवा सोच रहे हैं कि कौन सी परीक्षा दें, कौन सी छोड़ें।
इससे पहले भी प्रदेश में एक ही दिन में दो परीक्षाएं होने से कई युवा अपने भविष्य का सुनहरी मौके खो बैठे हैं। वहीं अब सैट और एचपीएससीबी की परीक्षा एक ही दिन होने से हजारों युवाओं में तनाव की स्थिति पैदा हो गई है। युवा अनुज कुमार, विक्रम दास, सुदेश कुमारी, गुरमुख सिंह, हरमेल सिंह, अमित सेखड़ी, पुनीत शर्मा, प्रियंका शर्मा और पूजा कुमारी ने कहा कि सैट और एचपीएससीबी की परीक्षा 17 नवंबर को एक ही दिन में होने से असमंजस की स्थिति पैदा हो गई है कि कौन सी परीक्षा दें और कौन सी परीक्षा को छोड़ें। दोनों ही परीक्षाएं भविष्य को संवारने के लिए अहम हैं। युवाओं ने बताया कि उन्होंने दोनों परीक्षाओं के लिए आवेदन कर रखे हैं। तैयारियां भी कर रखी हैं। एक भी परीक्षा देने से यदि वंचित रह जाते हैं तो उनकी मेहनत बेकार चली जाएगी।
युवाओं ने प्रदेश सरकार से मांग की है कि परीक्षा की तिथियों में बदलाव किया जाए, जिससे उन्हें राहत मिल सके। इधर, ऊना के उपायुक्त अभिषेक जैन ने कहा कि यह गंभीर विषय है। संबंधित अथारिटी से प्रशासन भी अपने स्तर पर बात करेगा।

Related posts