राजेश व ज्योति सर्वश्रेष्ठ स्वयंसेवी

राजेश व ज्योति सर्वश्रेष्ठ स्वयंसेवी
बद्दी (सोलन)। राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय मानपुरा में सात दिवसीय एनएसएस शिविर समाप्त हो गया है। सात दिन तक चले इस शिविर में स्कूल ने गोद लिया हुआ मानपुरा गांव की सफाई की। गांव में घर-घर जाकर लोगों को सफाई और शिक्षा के प्रति जागरूक किया। इस कैंप के दौरान राजेश और ज्योति शर्मा सर्वश्रेष्ठ स्वयंसेवक चुने गए।
सोमवार को समापन समारोह की शुरूआत तेजिंद्र कौर और साथियों ने सरस्वती वंदना से की। दिनेश, राजेश, नीरज और साथियों ने ‘कुड़ी इदा न शरमा’ पर भंगड़ा पेश किया। पिंकी व साथियों ने ‘राधा कैसे न जले’ पर नृत्य करके उपस्थित लोगों को भरपूर मनोरंजन किया। छात्र दिनेश ने ‘मां की ममता’ पर एकल गीत पेश किया और छात्र सुरेश ने पंजाब गीत पर नृत्य करके वाहवाही लूटी।
समारोह की मुख्य अतिथि स्कूल की प्रधानाचार्य इंदिरा गुप्ता ने बच्चों से सामाजिक कार्यों में बढ़-चढ़ कर भाग लेने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि इस तरह के सामाजिक कार्य में भाग लेने से बच्चों में समाज सेवा की भावना बढ़ती है। एनएसएस प्रभारी प्रवक्ता रामलाल और निर्मला कुमारी ने सात दिन तक हुए कार्यों की मुख्य अतिथि को जानकारी दी। उन्होंने बताया कि बच्चों ने स्कूल परिसर के अलावा गांव के जाने वाले रास्ते, जल स्रोत और सरकारी भवनों के आसपास सफाई की। शाम के सत्र में स्वास्थ्य विभाग के बीएमओ डॉ. एमआर वर्मा और पंचायत प्रधान देवराज ठाकुर ने बच्चों को स्वास्थ्य व पंचायती राज के बारे में जानकारी दी। इस मौके पर 58 स्वयंसेवकों के अलावा एसएमसी प्रधान श्याम लाल समेत स्कूल का स्टाफ उपस्थित रहा।

Related posts