कांग्रेस की सत्ता में ठप हो गया विकास : गुलाब

जोगिंद्रनगर (मंडी)। विधायक गुलाब सिंह ठाकुर ने कहा कि कांग्रेस सरकार के 11 माह के कार्यकाल में विकास कार्यों पर पूर्ण रूप से विराम लग गया है। कार्यकाल में सरकार ने केवल बदले की भावना से कार्य किया है। आम जनता के हित में भाजपा सरकार की चलाई गई सभी योजनाएं बंद पड़ी हैं। सोमवार को ग्रामीण केंद्र गुम्मा, बसाही, भराड़ू, रणारोपा और जोगिंद्रनगर शक्ति केंद्र के कार्यकर्ताओं की बैठक को संबोधित करते हुए गुलाब सिंह ठाकुर ने कहा कि सड़कों के रख रखाव के बारे में अधिकारियों से बात की जाती है तो वे धन और मशीनरी के अभाव का राग अलापते हैं। लोगों को सस्ता राशन और खाद समय पर नहीं मिल रही। महंगाई के आसमान छूने से आम आदमी का जीना मुश्किल हो गया है। वर्तमान सरकार द्वेष भावना से कार्य रही है। एचपीसीए के मामले में सरकार ने एकतरफा कार्य किया और उच्च न्यायालय के आदेशों के बाद सरकार फिर तिलमिला उठी है।
अब नया खेल विधेयक लाने की तैयारी कर रही है, यह न्यायसंगत नहीं है। बैठक में मंडल अध्यक्ष सूरत सिंह ने कहा कि लोगों को पिछली भाजपा सरकार याद आ रही है कि बरसात के दिनों में मुख्य सड़कों के अलावा जो संपर्क सड़कें थीं वे भी चालू रहती थीं। बरसात के तीन माह के बाद भी संपर्क सड़कें नहीं खुल पा रही है। बैठक में दलीप सिंह, ज्ञान चंद, लक्खू राम, दुर्गा सिंह, बेली राम, चंद्र प्रकाश, हेमराज, प्रवक्ता रूपेश सेन, अर्जुन सिंह और चमन लाल मौजूद रहे।

Related posts