
रिवालसर (मंडी)। रिवालसर के मुख्य बाजार में गति अवरोधक न होने से दुर्घटना का खतरा मंडरा रहा है। लोग सड़क के बीच लंबे समय से स्पीड ब्रेकर बनवाने की मांग कर रहे हैं लेकिन अभी तक कुछ नहीं हुआ। रिवालसर का मुख्य बाजार मनाली-जालंधर सड़क पर स्थित है। लोगों का कहना है कि सड़क के दोनों ओर स्कूल और अनेक सरकारी संस्थाएं हैं। इसके चलते दिन भर लोगों की चहल-पहल रहती है। स्पीड ब्रेकर न होने से लोगाें को दिक्कतें झेलनी पड़ती है। व्यापार मंडल के प्रधान ढमेश्वर ठाकुर का कहना है कि दुर्भाग्यपूर्ण है कि लोगाें की बार-बार मांग के बावजूद सड़क पर कोई भी स्पीड ब्रेकर नहीं लगा है।
तेज गति से गुजरते वाहनों से कभी भी स्कूली बच्चों और आम जनता के साथ अनहोनी हो सकती है। व्यापार मंडल के प्रधान का कहना है रिवालसर बस स्टैंड से पीएचसी तक पांच गति अवरोधक लगाना जरूरी हैं। लेकिन बार-बार आग्रह के बावजूद इस ओर कोई ध्यान नहीं दिया जा रहा। नगर पंचायत अध्यक्ष बंसी लाल का कहना है कि लोगाें की गति अवरोधकों की मांग जायज है। विभाग से स्पीड ब्रेकर लगाने की मांग की है। लोनिवि के सहायक अभियंता वीएस गुलेरिया का कहना है कि जहां-जहां जरूरत है वहां स्पीड ब्रेकर लगाए जाएंगे।
