
बिलासपुर। करीब डेढ़ करोड़ रुपये की लागत से निर्मित जिला भाषा अधिकारी भवन में अभी तक स्थाई बिजली कनेक्शन नहीं लग पाया है। भवन में स्थाई बिजली कनेक्शन नहीं होने के कारण विभाग को अस्थाई कनेक्शन के चलते सात रुपये प्रति यूनिट के हिसाब से बिल की अदायगी करनी पड़ रही है। यदि विभाग को स्थाई कनेक्शन मिल जाता है तो सात रुपये के बजाए चार रुपये प्रति यूनिट के हिसाब से बिल की अदायगी करनी पड़ेगी।
जिला भाषा अधिकारी कार्यालय बिलासपुर के नवनिर्मित भवन का उद्घाटन 31 अक्तूबर को मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह ने किया था। उस समय भी इस भवन में अस्थाई कनेक्शन ही था। आनन-फानन में ही भवन का उद्घाटन कर दिया गया। लोक निर्माण विभाग द्वारा इस भवन का निर्माण किया गया है। लोक निर्माण विभाग द्वारा अभी भवन में स्थाई बिजली कनेक्शन के लिए करीब चार लाख रुपये की राशि जमा नहीं करवाई गई है। इसके चलते भवन में स्थाई कनेक्शन नहीं लग पाया है।
जिला भाषा अधिकारी अनीता शर्मा ने कहा कि भवन में अभी तक अस्थाई बिजली कनेक्शन ही है। स्थाई बिजली कनेक्शन के लिए आवेदन किया गया है। विद्युत बोर्ड के अधिशासी अभियंता ओपी चंदेल ने कहा कि विभाग को करीब चार लाख रुपये की राशि जमा नहीं होने के चलते अभी तक डीएलओ भवन को अस्थाई बिजली कनेक्शन ही लगाया गया है। अस्थाई कनेक्शन का प्रति यूनिट सात रुपये के हिसाब से बिल दिया जाएगा।
लोक निर्माण विभाग डिवीजन-1 के अधिशासी अभियंता करतार चंद ने कहा कि जल्द ही राशि जमा करवा दी जाएगी। डीएलओ भवन में स्थाई बिजली कनेक्शन लग सके।
