तांगा चालक और घोड़ी की मौत

जसूर/कंडवाल (कांगड़ा)। पठानकोट-मंडी राष्ट्रीय राजमार्ग-154 पर छतरोली में बाटू पुल के समीप सड़क हादसे में तांगा चालक की मौत हो गई। हादसे में तीन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। पुलिस ने मामला दर्ज कर आगामी कार्रवाई शुरू कर दी है। पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार सोमवार सुबह करीब छह बजे तांगा चालक धनेतर सिंह (65) पुत्र हरि सिंह निवासी राजा का बाग, तहसील नूरपुर राजा का बाग से जसूर सब्जी मंडी की तरफ जा रहा था।
छतरोली के समीप टाटा सूमो ने तांगे को पीछे से टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि तांगे के परखचे उड़ गए। इसी बीच तेज सूमो तांगे से टकराने के बाद सड़क किनारे एक पेड़ से टकरा गई। सड़क हादसे में तांगा चालक धनेतर सिंह की मौके पर ही मौत हो गई। तांगे को खींच रही घोड़ी की भी हादसे में मौत हो गई। सूमो चालक विकास पुत्र जोगिंद्र सिंह निवासी गांव गंडीर (बिलासपुर) सहित सूमो में सवार संजय तथा ऋषि गंभीर रूप से जख्मी हो गए। हादसे में गंभीर रूप से घायलों को स्थानीय लोगों ने सूमो से बाहर निकाला तथा इलाज के लिए नूरपुर सिविल अस्पताल में भर्ती करवाया गया। उधर, जांच अधिकारी कुलविंद्र सिंह ने बताया कि सूमो चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया। मृतक के शव को पोस्टमार्टम के उपरांत परिजनों को सौंप दिया गया है।

Related posts