विधायक शोएब इकबाल जदयू में शामिल

दिल्ली चुनाव से पहले चार पार्षदों के साथ मटिया महल के विधायक शोएब इकबाल ने बुधवार को जनता दल (यूनाइटेड) की सदस्यता ली।

इस मौके पर पार्टी राष्ट्रीय अध्यक्ष शरद यादव व बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार मौजूद थे।

कार्यक्रम का आयोजन पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष साबिर अली के राजेंद्र प्रसाद रोड स्थित आवास पर किया गया था। शरद यादव ने शोएब इकबाल को पार्टी का महामंत्री बनाने का ऐलान किया।

नीतीश कुमार ने दिल्ली सरकार पर वार करते हुए कहा कि राजधानी के कई इलाकों में जिस तरह लोग रहते हैं, वैसी हालत बिहार के सुदूर इलाकों के गांवों की नहीं है।

दिल्ली के बाहरी इलाकों में सड़क, पानी, बिजली, सीवर जैसी तमाम बुनियादी सुविधाएं नदारद हैं।

उन्होंने कहा कि आम तौर पर कहा जाता है कि बाहर से आने वाले लोगों से दिल्ली पर दबाव बन रहा है।

खास तौर से बिहार के लोगों पर यह सवाल किया जाता है लेकिन अगर बिहार के लोग यहां न आएं तो काम नहीं चलेगा। बिहारी एक दिन घर पर बैठ जाए तो पूरी दिल्ली ठहर जाएगी।

उन्होंने कार्यकर्ताओं को लोगों से संपर्क करने की नसीहत दी साथ ही उम्मीद जताई कि दिल्ली में पार्टी बड़ी ताकत बनकर उभरेगी।

शोएब इकबाल के पार्टी में शामिल होने पर खुशी जाहिर करते हुए नीतीश ने कहा कि आज बहुत से लोग लाल किला से झंडा फहराने के लिए हवा बना रहे हैं।

फिलहाल अपनी तसल्ली के लिए इस तरह के मंच से बोल रहे हैं। इस देश की जनता तय करेगी कि वहां तक कौन पहुंचेगा, लेकिन इलाके में पहले से ही हमारा झंडा बुलंद है। हमारे पार्षद के इलाके में लाल किला पड़ता है।

वहीं, शोएब इकबाल ने कहा कि दिल्लीवासी कांग्रेस व भाजपा से त्रस्त हैं। लोग विकल्प की तलाश कर रहे हैं।

जदयू लोगों की उम्मीद पूरा करेगी। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के रामलीला मैदान में अधिकार रैली के दौरान दिल्लीवासियों ने इसे दिखा भी दिया था।

उन्होंने कहा कि प्रदेश में अगली सरकार बगैर जेडीयू के नहीं बनेगी। उन्होंने बताया कि हमारे साथ सिटी जोन के चेयरमैन व तुर्कमानगेट के पार्षद आले मोहम्मद इकबाल, जामा मस्जिद से पार्षद खुर्रम इकबाल, कूंचा पंडित से राकेश कुमार व बल्लीमारान इमरान हुसैन पार्टी में शामिल हो रहे हैं।

शोएब के बहाने शरद-नीतीश ने मानी गलती
शरद यादव व नीतीश कुमार ने माना कि भाजपा के साथ गठबंधन करना गलत था। नीतीश कुमार के मुताबिक, शोएब की घर वापसी हो रही है।

जिनके साथ अभी तक हमारा गठबंधन था, शोएब उनके साथ सूकुन महसूस नहीं करते थे।

इससे उन्होंने पार्टी ने नाता तोड़ लिया था। अब स्थिति ठीक हो गई तो शोएब बगैर वक्त गंवाए घर चले आए।

वहीं, शरद यादव ने कहा कि गठबंधन कर हमने ऐसा काम कर दिया था कि शोएब को लाचारी में हमें छोड़ना पड़ा था।

अब कोई दिक्कत नहीं है। दिल्ली में पार्टी को जिताने की बड़ी जिम्मेदारी इन पर है।

इस दौरान शरद यादव ने भाजपा व कांग्रेस का सास-बहू का नाम देते हुए कि इस बार हमारी पार्टी उन्हें जड़ से उखाड़ देगी।

Related posts