
नगरोटा बगवंा (कांगड़ा)। पंडित अनंतराम सनातन धर्म महाविद्यालय बड़ोह में पांच दिन पहले ही दीपावली मनाई गई। मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह ने कॉलेज के सरकारीकरण की घोषणा कर दी है। मंगलवार को कॉलेज में खुशी का माहौल रहा। विद्यार्थियों, क्षेत्र के प्रतिनिधियों, समाज सेवी संस्थाओं, बड़ोह व्यापार मंडल तथा क्षेत्रवासियों ने ढोल नगाड़ों की थाप पर नृत्य किया और पटाखे फोड़कर लड्डू बांटकर खुशी का इजहार किया। कॉलेज के सरकारीकरण की मांग को लेकर लंबे समय से संघर्षरत इलाकावासियों की चिरलंबित मांग पूरी हो गई है। इस दौरान लोगों ने कालीनाथ मंदिर में पहुंचकर माथा टेका। मौके पर उपस्थित व्यापार मंडल से त्रिलोक चौधरी, कॉलेज पीटीए अध्यक्ष मस्त राम, प्रवक्ता अमन वालिया, कैप्टन फौजी राम, खर्ट के प्रधान जगदीश गुप्ता, ऐरला की प्रधान उमेश कुमारी, सुनील गोस्वामी ने इस घोषणा के लिए मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह, परिवहन मंत्री जीएस बाली तथा कॉलेज संरक्षक पंडित बलीराम शर्मा का धन्यवाद किया है। एक नवंबर शुक्रवार को बड़ोह के कालीनाथ मंदिर में समारोह आयोजित करके परिवहन मंत्री जीएस बाली का नागरिक अभिनंदन किया जाएगा।
लोगों की इच्छाओं पर काम करती है सरकार : बाली
परिवहन, खाद्य आपूर्ति एवं तकनीकी शिक्षा मंत्री जीएस बाली ने कहा है कि कांग्रेस सरकार लोगों की इच्छाओं के अनुसार काम करती है तथा बड़ोह कॉलेज के सरकारीकरण की घोषणा इसका एक उदाहरण है। कहा कि मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह ने सरकारीकरण की घोषणा करके जनता की मांग को पूरा किया है। जिसके लिए वह स्वयं तथा चंगर क्षेत्र की जनता मुख्यमंत्री की आभारी हैं।
