अनुराग को देने होंगे दो दर्जन सवालों के जवाब

धर्मशाला। एचपीसीए क्रिकेट स्टेडियम और होटल द पवेलियन मामले में सांसद व एसोसिएशन अध्यक्ष अनुराग ठाकुर को अब विजिलेंस के दो दर्जन सवालों का जवाब देना होगा। पुख्ता सूत्रों के अनुसार विजिलेंस ब्यूरो ने अनुराग ठाकुर से पूछताछ को लेकर एक नई प्रश्नावली तैयार की है। इसमें लगभग दो दर्जन सवाल चिन्हित किए गए हैं। इससे पहले विजिलेंस ने आठ सवालों की एक प्रश्नावली अनुराग को भेजी थी। अनुराग ठाकुर को विजिलेंस ने 31 अक्तूबर को धर्मशाला स्थित विजिलेंस थाने में पूछताछ के लिए बुलाया है। जबकि अनुराग ठाकुर इससे पूर्व 24 अक्तूबर हो ही अपने समर्थकों सहित विजिलेंस ब्यूरो पहुंच गए थे। उस दौरान उनसे किसी तरह की पूछताछ नहीं की गई। अनुराग ठाकुर ने 31 अक्तूबर को पेश होने को लेकर हालांकि संशय जताया है। उनका कहना है कि वह अपने पूर्व निर्धारित कार्यक्रम रद कर 24 को पूछताछ के लिए पहुंचे थे।
विजिलेंस के उच्च पदस्थ सूत्रों के मुताबिक अनुराग से पूछताछ के लिए लगभग 25 सवालों की फेहरिस्त तैयार की गई है। उधर, प्रशासन ने स्टेडियम और द पवेलियन के अधिग्रहण के बाद स्टेडियम में स्थापित संपत्ति का पूरा रिकार्ड खंगालना शुरू कर दिया है। मंगलवार को एसडीएम और उपनिदेशक खेल विभाग की अगुवाई में स्टेडियम की वीडियोग्राफी सहित फिक्सड एसेट्स की सूची बनाने का काम शुरू किया गया।

Related posts