चंबा में 191 जेबीटी को मिलेगी नौकरी

चंबा। जिले के प्राइमरी स्कूलों में रिक्त पड़े जेबीटी शिक्षकों के पदों को जल्द भरा जाएगा। जिले में जेबीटी शिक्षकों की तैनाती के लिए प्रारंभिक शिक्षा निदेशक ने प्रारंभिक शिक्षा उपनिदेशक को आदेश जारी कर दिए हैं। शिक्षा विभाग ने पदों को भरने के लिए औपचारिकताएं पूर्ण करना शुरू कर दी हैं। शिक्षकों की नियुक्ति विभाग के पुराने आदेशों के आधार पर ही होगी। स्कूलों में कांट्रेक्ट आधार पर नियुक्त होने वाले जेबीटी शिक्षकों को 8910 रुपये प्रतिमाह वेतन दिया जाएगा। आरएंडपी नियम के तहत जेबीटी शिक्षकों की पहली नियुक्ति दुर्गम क्षेत्रों में की जाएगी। शिक्षा विभाग ने शिक्षकों को तैनाती प्रदान करने के लिए रोस्टर भी तैयार कर दिया है। इसके तहत सामान्य वर्ग के उम्मीदवारों के लिए 63 पद होंगे, इनमें से दो पद स्वतंत्रता सेनानी, 18 भूतपूर्व सैनिकों, 15 पद आईआरडीपी के उम्मीदवारों, दो पद शारीरिक रूप से अक्षमों के लिए आरक्षित किए गए हैं। ओबीसी श्रेणी के उम्मीदवारों के लिए 22 पद रखे गए हैं। इनमें से एक पद स्वतंत्रता सेनानी, पांच पद ओबीसी आईआरडीपी के उम्मीदवारों, चार पद भूतपूर्व सैनिकों, दो पद शारीरिक रूप से अक्षम अभ्यर्थियों के लिए आरक्षित किए गए हैं। अनुसूचित जाति के अभ्यर्थियों के लिए 28 पद रखे गए हैं। इनमें एक पद स्वतंत्रता सेनानी के परिवार के सदस्यों, छह पद आईआरडीपी, पांच पद भूतपूर्व सैनिक व एक पद शारीरिक रूप से अक्षम अभ्यर्थी के लिए आरक्षित किया गया है। अनुसूचित जनजाति के उम्मीदवारों के लिए छह पद रोस्टर में तय किए गए हैं। इनमें दो आईआरडी व दो पूर्व सैनिकों के लिए आरक्षित किए गए हैं, जबकि खेल कोटे में सामान्य श्रेणी से छह पद भरे जाएंगे। प्रारंभिक शिक्षा के कार्यकारी उपनिदेशक ओपी हीर ने बताया कि समस्त पदों को भरने के लिए रोजगार कार्यालय चंबा, सैनिक कल्याण कार्यालय हमीरपुर, निदेशक खेल विभाग व शारीरिक अक्षम सैल की ओर से सूचित किया जाएगा। पात्र उम्मीदवारों को उपनिदेशक कार्यालय चंबा में इसकी सूचना देनी होगी और सूचना मिलने के दस दिन के भीतर यह कार्यालय काउंसलिंग के लिए काल लेटर जारी करेगा।

Related posts