बनेड पंचायत में नियमित नहीं हो रही पानी की सप्लाई

सिहुंता (चंबा)। ग्राम पंचायत बनेड़ में नियमित रूप से पानी की सप्लाई नहीं हो रही है। इस कारण ग्रामीणों को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। इस पंचायत के लिए बिछाई गई पेयजल लाइन क्षतिग्रस्त हो गई है। बरसात के मौसम में जगह-जगह से पाइपें टूट गई हैं, लेकिन अभी तक इस पेयजल लाइन को ठीक नहीं किया गया है। इस कारण पंचायत में नियमित रूप से पानी की सप्लाई नहीं हो रही है। पानी की आपूर्ति सुचारू न होने के कारण लगभग 1300 के करीब आबादी प्रभावित हो रही है। इस समस्या को लेकर ग्रामीणों का एक प्रतिनिधिमंडल पूर्व प्रधान सतपाल सिंह व उपप्रधान किशोरी लाल की अगुवाई में सिंचाई एवं जनस्वास्थ्य विभाग के कनिष्ठ अभियंता से मिला। उन्होंने बताया कि उनके उनकी पंचायत में पिछले लगभग तीन महीने से नियमित रूप से पानी की सप्लाई नहीं हो रही है। उन्हाेंने कहा कि पानी की सप्लाई सुचारू न होने के कारण उन्हें शादी समारोहों में काफी दिक्कतें पेश आती हैं। उन्होंने कहा कि एक तो उनकी पंचायत के लिए बिछाई गई पेयजल लाइन क्षतिग्रस्त हो गई है। इसके अलावा विभाग के कर्मचारी भी समय पर पानी नहीं छोड़ते। इस कारण ग्रामीणों को दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने विभाग के कनिष्ठ अभियंता से मांग की है कि क्षेत्र में पानी की सप्लाई सुचारू की जाए। उधर, आईपीएच विभाग के कनिष्ठ अभियंता अजय शर्मा ने बताया कि जल्द उनकी समस्या का समाधान कर दिया जाएगा। इस अवसर पर शमशेर सिंह, भगत राम, सरदार, रमेश, मोती राम, चैन सिंह, महिंद्र सिंह, जैसी राम, सुरजन सिंह, राजेंद्र कुमार, विष्णु राम, मुख्तियार सिंह और मान सिंह मौजूद रहे।

Related posts