
मंडी/नेरचौक। दीपावली और धनतेरस के लिए बाजार सज गए हैं। सर्राफा व्यापारियों को धनतेरस पर अच्छा कारोबार होने की आस है। ब्रांडेड कंपनियों ने दीपावली के लिए ड्राई फूट और अन्य उत्पाद की आकर्षक गिफ्ट आइटम बाजार में उतारे हैं। सर्राफा, बर्तन, मिठाईयां, ड्राई फ्रूट और इलेक्ट्रानिक्स बाजारों में भी रौकन है। सोने के रेट करीब 32 हजार प्रति दस ग्राम होने के बावजूद सर्राफा व्यापारियों को मंदी की मार दूर होने की उम्मीद है। धनतेरस पर लोग सोना और चांदी खरीदना शुभ मानते हैं।
नेरचौक सर्राफा बाजार के प्रधान रत्न चंद सोनी का कहना है कि दीपावली से एक दिन पहले धनतेरस पर लोग सोना और चांदी की खरीददारी करते हैं। हालांकि सोने के रेट बढ़े होने से कारोबार पर असर पड़ेगा। लेकिन धनतेरस पर कारोबार अच्छा रहने की उम्मीद है। सर्राफा व्यापारी सुभाष सोनी, रमेश और सुरेंद्र सोनी का कहना है कि धनतेरस के लिए लोग के बजट के मुताबिक सोने और चांदी के सिक्के तथा अन्य ज्वेलरी उपलब्ध है। ब्रांडेड कंपनियों ने ग्राहकों को लुभाने के लिए आकर्षक गिफ्ट पैकिंग बाजार में उतारे हैं। दीपावली पर घरों को रोशनी से सजाने के लिए चाइनीज लाइटें बाजार में है।
मिल्क फेड के चेयरमैन चेत राम ने कहा कि दीपावली त्योहार पर मिल्क फेड की ओर से शुद्ध देसी घी की मिठाईयां बाजार में उतारी हैं। इस बार शुगर फ्री मिठाई भी तैयार की है। मिल्क फेड की ओर से तैयार अच्छी क्वालिटी की विभिन्न प्रकार की मिठाइयां बाजार से कम दाम पर मिलेगी।
