
टिहरा (मंडी)। विद्युत उपमंडल टिहरा के तहत बिजली के बिल अदा न करने पर विद्युत बोर्ड ने कनेक्शन काटने की कार्रवाई शुरू कर दी है। प्रथम चरण में ऐसे 27 उपभोक्ताओं के कनेक्शन अस्थाई तौर पर काट दिए गए हैं। बोर्ड की इस कार्रवाई से उपभोक्ताओं में हड़कंप मचा हुआ है।
बोर्ड के अधिकारियों ने कंपनी के नए नियमों के अनुसार उपभोक्ताओं को बिजली बिल जमा करवाने की हिदायत दी थी। लेकिन इसके बावजूद कुछ उपभोक्ता बिल अदा नहीं कर रहे थे। विद्युत उपमंडल टिहरा के तहत चोलथरा, सधोट और सज्याओपिपलू अनुभागों में 27 ऐसे उपभोक्ताओं के खिलाफ कार्रवाई की गई है। विद्युत उपमंडल टिहरा के सहायक अभियंता पीपी शर्मा ने बताया कि बोर्ड के नए नियमों के अनुसार ऐसा करना पड़ा है। उन्होंने लोगों से एक माह के अंदर बकाया बिलों का भुगतान करने को कहा है।
